आर्यिका आर्षमति माताजी के सानिध्य में आयोजित लोकार्पण समारोह में देशभर की जैन हस्तियां लेंगी भाग
मिशनसच न्यूज, अलवर। जयपुर रोड स्थित ढ़ाई पैडी के पास अहिंसा स्थल दिगम्बर जैन मंदिर परिसर में जैन समाज के लिए इसी माह 13 फरवरी को विशेष धार्मिक सौगात मिलने जा रही है। समाधिस्थ दिगम्बर जैनाचार्य ज्ञानसागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका आर्षमति माताजी ससंघ के सानिध्य में यहां निर्मित श्री भक्तामर मंदिर एवं आरोग्य धाम का भव्य लोकार्पण किया जाएगा। कार्यक्रम में देश की कई जैन हस्तियां एवं समाजजन भाग लेंगे।
अहिंसा स्थल के प्रबंधक बच्चू सिंह जैन एवं अनिल जैन राखीवाला परिवार ने बताया कि प्रातःकाल श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद सुबह 8:35 बजे राजस्थान के पूर्व नि:शक्तजन आयुक्त खिल्लीमल जैन द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। तत्पश्चात दीप प्रज्ज्वलन, मंगल कलश स्थापना एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। सुबह 9:15 बजे स्वर्णिम पालकी में भगवान आदिनाथ को विराजमान कर बैण्ड-बाजों के साथ भव्य पालकी यात्रा निकाली जाएगी, जिसमें 48 कलशों के साथ महिलाएं विशेष रूप से शामिल होंगी। इसी यात्रा के साथ भक्तामर मंदिर एवं आरोग्य धाम का लोकार्पण होगा।
समारोह में अतिथि के रूप में चांदखेड़ी अतिशय क्षेत्र के अध्यक्ष हुक्म काका, प्रदीप जैन कानपुर, विमल जैन सीए दिल्ली, प्रदीप जैन एवं श्रीमती प्रिया जैन (अनन्त विश्व आध्यात्मिक केन्द्र), अतिशय जैन, बनवारी लाल सिंघल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर भक्तामर स्त्रोत के रचियता मानतुंगाचार्य की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा।
प्रबंधक मंडल ने बताया कि भक्तामर मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किया गया है। यहां प्रतिदिन सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 5 से 7 बजे तक दर्शन की व्यवस्था रहेगी। लोकार्पण के पश्चात 14 फरवरी को भक्तामर विधान का आयोजन भी किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


