नगर निगम पर लापरवाही के आरोप, बंदरों और आवारा कुत्तों के उत्पात से लोग त्रस्त
अलवर। शहर की आर्य नगर कॉलोनी में उत्पाती बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, लेकिन जिम्मेदार विभाग अब तक चुप्पी साधे हुए हैं। बाल भारती स्कूल के पीछे स्थित क्षेत्र में बंदरों के झुंड लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन चुके हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर निगम लंबे समय से बंदरों को पकड़ने की जिम्मेदारी से बच रहा है, जिससे आमजन परेशान हैं।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि बंदर आए दिन घरों में घुसकर पौधों के गमले तोड़ देते हैं और पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं। रात के समय भी बंदरों के झुंड घरों के आसपास उत्पात मचाते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार पत्रकार हरीश जैन के निवास सहित आसपास के कई घरों में बंदरों ने काफी नुकसान पहुंचाया है। बंदर कपड़े फाड़ने और घरों से सामान उठाकर ले जाने जैसी घटनाएं भी कर रहे हैं। इसके चलते महिलाएं और बुजुर्ग खासे परेशान हैं।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन नगर निगम की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि लंबे समय से बंदरों को पकड़ने का अभियान नहीं चलाया गया है, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।
कॉलोनी में बंदरों के साथ-साथ आवारा कुत्तों का आतंक भी बना हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर निगम दोनों समस्याओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर निगम से जल्द प्रभावी कार्रवाई की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

