गैलेक्सी एकेडमी में विधिक शिविर 29 मार्च को, ग्रामीणों और जरूरतमंदों को मिलेगा परामर्श
कठूमर। तालुका विधिक सेवा समिति, कठूमर के तत्वावधान में 29 मार्च 2026 (रविवार) को कठूमर मुख्यालय स्थित गैलेक्सी एकेडमी में मेगा विधिक सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य आमजन, विशेषकर ग्रामीण और जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक परामर्श, सरकारी योजनाओं की जानकारी और कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है।
शिविर में उपस्थित अधिवक्ताओं, पीएलवी और विभागीय अधिकारियों द्वारा लोगों की समस्याओं को सुना जाएगा और मौके पर ही आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा।
शिविर में महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद, पेंशन, श्रमिक योजनाएँ, वरिष्ठ नागरिक अधिकार, पीड़ित प्रतिकर योजना और लोक अदालत से संबंधित मामलों पर विशेषज्ञ परामर्श दिया जाएगा।
इसके साथ ही लोगों को दस्तावेज़ संबंधी सहायता, आवेदन प्रक्रिया की जानकारी तथा समझौता योग्य मामलों के निस्तारण के लिए लोक अदालत का मार्ग भी बताया जाएगा, ताकि वे न्याय प्रक्रिया को सरलता से समझ सकें।
समिति के प्रतिनिधियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुँच सुनिश्चित करना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर इस निःशुल्क सुविधा का लाभ उठाएं।
आयोजकों के अनुसार शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिक भाग लेकर लाभान्वित होंगे, जिससे न्यायिक जागरूकता को भी बढ़ावा मिलेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

