पल्स पोलियो अभियान के तहत डॉ. जवाहर सैनी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कठूमर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत सोमवार को कठूमर कस्बे सहित पूरे क्षेत्र में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई गई। अभियान के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कठूमर के प्रभारी डॉ. जवाहर सैनी ने विभिन्न पोलियो बूथों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सैनी ने एएनएम, आशा सहयोगिनी तथा अन्य स्वास्थ्यकर्मियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि क्षेत्र का कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए तथा प्रत्येक परिवार तक अभियान का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।
घर-घर जाकर पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक
डॉ. सैनी ने बताया कि बूथ दिवस के बाद 29 एवं 30 जून को स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर उन बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाएंगी, जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच सके। इसके लिए विशेष माइक्रोप्लान के अनुसार टीमों की तैनाती की गई है।
अभिभावकों से सहयोग की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो अभियान के तहत निर्धारित खुराक अवश्य पिलाएं। विभाग ने बताया कि नियमित टीकाकरण के बावजूद पल्स पोलियो की अतिरिक्त खुराक बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए आवश्यक है।
अभियान को सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग, आशा सहयोगिनी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


