विकास कार्यों की समीक्षा में जिला कलक्टर सख्त: कचरा निस्तारण, एनिकट निर्माण और साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर दिए अहम निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बुधवार को नगर निगम और नगर विकास न्यास (यूआईटी) की टीम के साथ शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, जल संरचनाओं और साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अग्यारा स्थित ठोस कचरा निस्तारण प्लांट (एसडब्ल्यूपी), बहाला स्थित ई-बस चार्जिंग स्टेशन, जरखवाला और अखैपुरा में निर्माणाधीन एनिकट, सागर क्षेत्र में बन रहे पार्क तथा शहर के कई प्रमुख स्थानों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने अग्यारा स्थित ठोस कचरा निस्तारण प्लांट की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कचरे का पृथक्करण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और गीले कचरे से ऑर्गेनिक खाद तैयार करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया गया। उन्होंने नगर निगम के कार्यों की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि सभी मानकों की पालना करते हुए प्लांट का संचालन पूरी क्षमता के साथ नियमित रूप से किया जाए।
इसके बाद जिला कलक्टर ने बहाला स्थित ई-बस चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन का करीब 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस पर जिला कलक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि एडमिन ब्लॉक के शेष कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए। साथ ही ई-बस सप्लाई कंपनी सीएसएल के साथ समन्वय स्थापित कर चार्जिंग पॉइंट जल्द स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने एनकेप फंड से सागर जलाशय के पास बन रहे पार्क का भी जायजा लिया। उन्होंने यूआईटी अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कर इसे आकर्षक स्वरूप दिया जाए। वहीं जरखवाला और अखैपुरा में निर्माणाधीन एनिकट कार्यों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि वर्षा जल संचयन को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य जल्द और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
जिला कलक्टर ने शहर के अशोका टॉकीज, घोड़ा फेर, 200 फीट रोड और हनुमान सर्किल सहित विभिन्न स्थानों पर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि प्रमुख कचरा पॉइंट्स पर ऑटो टिपर नियमित रूप से खड़े किए जाएं ताकि नागरिक सीधे उनमें कचरा डालने की आदत विकसित करें। साथ ही आमजन को जागरूक करने के लिए समझाइश अभियान चलाने के निर्देश भी दिए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए जिला कलक्टर ने वाहन चालकों को राहत देने के लिए शहर के प्रमुख चौराहों पर ग्रीन नेट और छायादार पर्दे लगाने के निर्देश दिए। नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका ने बताया कि बिजली घर चौराहे पर ग्रीन नेट लगाए जा चुके हैं तथा भगत सिंह सर्किल पर कार्य प्रगति पर है। जल्द ही शहर के अन्य चिन्हित स्थानों पर भी यह व्यवस्था की जाएगी।
इस दौरान नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, यूआईटी अधिशासी अभियंता अशोक मदान, सहायक अभियंता दिनेश वर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


