रेलवे फाटक बंद होने से जूझ रहे क्षेत्रवासियों को मिलेगी राहत
अलवर | रेल विकास संघर्ष समिति, अलवर की पहल और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से कालीमोरी क्षेत्र में बहुप्रतीक्षित अंडरपास निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है। यह कार्य लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख मांग रहा है, जिसे विभिन्न स्तरों पर लगातार उठाया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार कालीमोरी स्थित रेलवे फाटक करीब 10 वर्ष पहले बंद कर दिया गया था। इसके बाद स्थानीय लोगों को जान जोखिम में डालकर रेलवे ट्रैक पार करना पड़ रहा था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी और आवागमन में भारी परेशानी होती थी।
अंडरपास बनने से अलकापुरी, फ्रेंड्स कॉलोनी, मोती नगर, हीरा बास, लक्ष्मी नगर और कृष्णा विहार सहित आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के निवासियों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही आईटीआई कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज और आर.आर. कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए भी सुरक्षित और सुगम आवागमन संभव हो सकेगा।
निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।
समिति के अध्यक्ष कमल कांत खड़िया ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि इस अंडरपास से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने इस कार्य के लिए संबंधित विभागों, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


