जल जीवन मिशन के तहत खोदी गई सड़क की मरम्मत शुरू, लोगों को मिलेगी राहत
लक्ष्मणगढ़। जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के निर्माण कार्य की शुरुआत नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड संख्या 19 में कर दी गई है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़क के कारण स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
स्थानीय स्तर पर समस्या उठाए जाने और समाचार माध्यमों में प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद संबंधित विभाग एवं प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। इसके बाद पाइपलाइन बिछाने के उपरांत क्षतिग्रस्त सड़क को पुनः बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया।
जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए पाइपलाइन बिछाई गई थी। इस दौरान सड़क को खोदा गया था, लेकिन निर्माण कार्य समय पर पूरा नहीं होने से स्थानीय नागरिकों को काफी असुविधा हो रही थी। अब सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
सरकार ने जल जीवन मिशन 2.0 के अंतर्गत लंबित पेयजल योजनाओं तथा पाइपलाइन कार्य के बाद सड़कों की मरम्मत एवं पुनर्निर्माण के लिए बजट उपलब्ध कराया है। साथ ही संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों को शीघ्र बहाल किया जाए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उल्लेखनीय है कि जल जीवन मिशन के कार्यों में लापरवाही तथा सड़कों को खोदकर छोड़ देने के मामलों में सरकार कई स्थानों पर संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कार्रवाई कर चुकी है। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर संतोष व्यक्त किया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


