More
    Homeराजस्थानखैरथलग्रामीणों को योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने में सफल रहा ग्राम उत्थान...

    ग्रामीणों को योजनाओं का त्वरित लाभ दिलाने में सफल रहा ग्राम उत्थान शिविर

    संभागीय आयुक्त पूनम ने शिविर निरीक्षण कर 12 विभागों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए

    मिशनसच न्यूज, खैरथल-तिजारा। जिला प्रभारी सचिव एवं संभागीय आयुक्त पूनम ने गुरुवार को जिले के ततारपुर एवं मांचा गिरदावर सर्कल पर आयोजित विशेष ग्राम उत्थान शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शिविर में पहुंचते ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा आमजन से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचे तथा शिविरों की प्रगति निरंतर बढ़ाई जाए।

    संभागीय आयुक्त ने बताया कि शिविरों में 12 विभागों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि ग्रामीणों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हों।

    क्षेत्र में गिरते जल स्तर के कारण किसानों को हो रही परेशानी को देखते हुए उन्होंने कृषि विभाग की फार्म पॉण्ड योजना तथा विद्युत विभाग की कुसुम योजना की जानकारी दी। किसानों को सोलर पंप अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे बिजली की बचत के साथ सिंचाई व्यवस्था मजबूत होगी और फसल उत्पादन में वृद्धि होगी। अधिकारियों को इन योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर विभागीय प्रगति की समीक्षा की और लंबित प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग द्वारा सहमति बंटवारे के कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया, जिससे ग्रामीणों को राहत मिली।

    शिविर में संभागीय आयुक्त पूनम एवं जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की पॉलिसियां वितरित कीं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को आवासों की चाबियां सौंपीं। साथ ही गोवर्धन योजना, कृषि उपकरण अनुदान योजना सहित अन्य योजनाओं के तहत पात्र लाभार्थियों को अनुदान राशि प्रदान की गई।

    उन्होंने महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए राजीविका समूहों को मजबूत बनाने तथा किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई, ताकि किसान सीधे बाजार से जुड़कर बेहतर मूल्य प्राप्त कर सकें। जिला कलेक्टर ने आमजन से फीडबैक लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का समाधान होने के बाद ही शिविर का समापन किया जाए।

    इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, उपखंड अधिकारी मनीष कुमार जाटव एवं सृष्टि जैन, विकास अधिकारी संजय यादव, उप निदेशक पशुपालन विभाग हवा सिंह जाट सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शिविर में भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाया।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here