भाजपा के हथकंडे रहे बेअसर, जनता ने मतदान से दिया कांग्रेस के पक्ष में फैसला : टीकाराम जूली
अलवर। अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों का उद्घाटन करने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष एवं अलवर ग्रामीण विधायक टीकाराम जूली ने ग्रामीणों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने के साथ नगर निकाय चुनाव को लेकर बड़ा राजनीतिक दावा किया। जूली ने कहा कि जनता ने मतदान के माध्यम से अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और मालाखेड़ा व बहादुरपुर नगर पालिका सहित अलवर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा।
जूली ने शुक्रवार को खारेड़ा, बालेटा और कैरवाड़ा गांवों में विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अलवर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कर महानगर की तर्ज पर विकसित करने का सपना अब धीरे-धीरे धरातल पर साकार हो रहा है।
हर जरूरत का समाधान करना प्राथमिकता
विधायक टीकाराम जूली ने कहा कि ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। क्षेत्र की प्रत्येक जरूरत को चिन्हित कर उसके समाधान की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मालाखेड़ा नगर पालिका क्षेत्र में जिला स्तरीय सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों को अब छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए बार-बार अलवर शहर के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। सड़क, पानी, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
जूली ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के समग्र विकास की रूपरेखा तैयार कर विकास कार्यों को चरणबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है।
तीन गांवों में सड़कों के विकास कार्यों का उद्घाटन
टीकाराम जूली ने बालेटा, कैरवाड़ा और खारेड़ा गांवों में इंटरलॉकिंग एवं सीसी सड़कों के निर्माण कार्यों का उद्घाटन किया। इसके साथ ही कैरवाड़ा में श्मशान घाट की चारदीवारी निर्माण कार्य का उद्घाटन किया गया।
नवसृजित ग्राम पंचायत कैरवाड़ा के पंचायत भवन निर्माण कार्य का भी उद्घाटन किया गया, वहीं अटल ज्ञान केंद्र निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।
जूली ने कहा कि बेहतर सड़कों से ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और समय की बचत भी होगी। ग्रामीणों ने विकास कार्यों के लिए उनका आभार जताते हुए क्षेत्र में विकास को नई गति मिलने की बात कही।
जनता ने भाजपा को दिया जवाब : जूली
नगर निकाय चुनाव के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष ने भाजपा पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव में विभिन्न हथकंडे अपनाए, लेकिन जनता ने एकजुट होकर कांग्रेस के पक्ष में मतदान किया है।
जूली ने दावा किया कि मतदान का परिणाम 14 सितंबर को सबके सामने होगा। उन्होंने कहा कि जनता ने अपना फैसला कर लिया है और मालाखेड़ा, बहादुरपुर तथा अलवर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनना तय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता द्वारा चुनी गई सरकारों को गिराने और खरीद-फरोख्त की राजनीति करने वाली भाजपा को इस बार जनता जवाब देगी। जूली ने कहा कि भाजपा की नीतियों से आमजन के साथ उसके अपने कार्यकर्ता भी परेशान हैं, जिसका असर निकाय चुनाव के मतदान में दिखाई दिया है।
विकास और जनहित के मुद्दे पर जनता हमारे साथ
टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा विकास और जनहित की राजनीति को प्राथमिकता दी है। ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रहे विकास कार्य इसका प्रमाण हैं।
उन्होंने कहा कि जनता ने मतदान के माध्यम से अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और कांग्रेस को व्यापक समर्थन मिला है। अब नगर निकायों में कांग्रेस मजबूत स्थिति के साथ बोर्ड बनाएगी।
इस अवसर पर पूर्व प्रधान शिवलाल गुर्जर, संजीव बारेठ, शम्मा प्रधान, हजारीलाल मीणा, अलाऊ, जगदीश, इंद्र मीणा, विजय चौधरी, मन्नू मीणा, बी.एल. मीणा, साजिद, इलियास, धारा सिंह, रहमत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


