वंदे गंगा अभियान में जल संरक्षण गतिविधियों के साथ हुआ तालाब जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास
खैरथल-तिजारा। राज्य सरकार के वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत गुरुवार को ग्राम राता खुर्द में स्पेक्ट्रा संस्था एवं जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। इसके बाद पौधारोपण एवं जोहड़ में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर स्पेक्ट्रा संस्था द्वारा तालाब जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास भी किया गया। साथ ही अतिथियों को संस्था द्वारा संचालित वृद्धाश्रम का अवलोकन करवाया गया।
मुख्य अतिथि जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर ने उपस्थित ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाते हुए कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और संवर्धन समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से जल संकट का समाधान संभव नहीं है, इसके लिए जनभागीदारी और सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति जल संरक्षण को अपनी जिम्मेदारी समझे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखा जा सकता है।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, सरपंच सुषमा वर्मा, जलग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधिशासी अभियंता क्षत्रपाल यादव, स्पेक्ट्रा संस्था के डिप्टी डायरेक्टर महेश चौहान, प्रोग्राम मैनेजर युवराज गौड़ तथा जिला समन्वयक गुलाब शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं आमजन मौजूद रहे।
इस दौरान जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा प्राकृतिक संसाधनों के सतत उपयोग को लेकर जागरूकता संदेश भी दिया गया। वक्ताओं ने जल संरचनाओं के संरक्षण, वर्षा जल संचयन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में आमजन की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


