दीये, झालर और सजावटी सामान से लेकर कपड़ों व आभूषणों तक की जमकर खरीदारी; मिठाई और वाहन बाजार में भी दिखा त्योहार का उत्साह
लक्ष्मणगढ़। पांच दिवसीय दीपोत्सव के पावन पर्व की शुरुआत के साथ ही धनतेरस पर लक्ष्मणगढ़ कस्बे के बाजारों में रौनक छा गई। सुबह से देर शाम तक बाजारों में खरीदारों की आवाजाही बनी रही। पुराने बस स्टैंड, तहसील के पीछे, पुरानी सब्जी मंडी और मुख्य बाजार सहित विभिन्न व्यापारिक क्षेत्रों में लोगों ने दीपावली की तैयारियों को लेकर जमकर खरीदारी की।
बाजारों में सजावटी सामान, मिट्टी के दीये, रंग-बिरंगी झालरें, बंदनवार, तोरण और कृत्रिम फूलों की मालाओं की खूब मांग रही। पारंपरिक मिट्टी के दीयों के साथ डिजाइनर दीये, पानी से जलने वाले दीये, रंगीन मोमबत्तियां और तैरती मोमबत्तियां भी ग्राहकों को आकर्षित करती नजर आईं। घरों को रोशन करने के लिए बिजली की झालरें और एलईडी लाइटें भी खूब खरीदी गईं।
कपड़ों और सजावटी सामान की दुकानों पर भीड़
महिलाएं दीपावली पर घर को नया रूप देने के लिए मुख्य द्वार, पूजा स्थल और बैठक की सजावट के सामान पसंद करती नजर आईं। रंग-बिरंगी बंदनवार, कृत्रिम फूलों की लड़ियां, सजावटी झालर और तैयार रंगोली के सेट की खरीदारी हुई। वहीं कपड़ों की दुकानों पर भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ रही। महिलाएं साड़ी, सूट, कुर्ती और नए डिजाइन के परिधान पसंद करती दिखीं। बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों के लिए भी कपड़ों की खरीदारी की गई।
सर्राफा और वाहन बाजार में भी बढ़ी हलचल
धनतेरस के शुभ अवसर पर सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही रही। सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच लोगों ने अपनी पसंद और बजट के अनुसार खरीदारी की। वहीं दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बुकिंग एवं बिक्री को लेकर भी बाजार में उत्साह देखने को मिला।
मिठाइयों और पटाखों की दुकानों पर भी ग्राहकों की चहल-पहल
त्योहार के चलते मिठाई की दुकानों पर विशेष मिठाइयों और सूखे मेवों के पैक की मांग बढ़ी। पटाखों की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। इस बार हरित पटाखों और बच्चों के लिए आकर्षक पटाखों की खरीदारी में लोगों ने रुचि दिखाई।
दुकानदारों के अनुसार धनतेरस से दीपावली तक बाजारों में खरीदारी का उत्साह और बढ़ने की उम्मीद है। बाजारों में सजी दुकानों, रंग-बिरंगे सामान और ग्राहकों की चहल-पहल ने कस्बे में दीपोत्सव की रौनक बिखेर दी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


