भाजपा चुनावी मोड में, सर्वे से तय होंगे जिताऊ प्रत्याशी; संजय शर्मा बोले- नगर निगम में महापौर और उपमहापौर भी भाजपा का होगा
अलवर। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। अलवर शहर विधायक एवं वन मंत्री संजय शर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस बार अलवर नगर निगम में भाजपा का महापौर और उपमहापौर बनेगा तथा पार्टी दो-तिहाई बहुमत के साथ अपना बोर्ड बनाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह है और संगठन पूरी तरह चुनावी मोड में आ चुका है।
नगर निगम चुनाव में भाजपा का बहुमत का दावा
संजय शर्मा ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं में पूरी एकजुटता है। पार्टी जिस भी कार्यकर्ता को प्रत्याशी घोषित करेगी, सभी कार्यकर्ता उसके साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि टिकट वितरण में जीत की संभावना को प्रमुख आधार बनाया जाएगा और पार्टी सर्वे के आधार पर जिताऊ प्रत्याशियों का चयन करेगी।
उन्होंने कहा कि जिस वार्ड में जिस वर्ग के लिए सीट आरक्षित होगी, उसी वर्ग के योग्य प्रत्याशी को टिकट दिया जाएगा। पार्टी चुनाव में संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के आधार पर मैदान में उतरेगी।
मतभेद हो सकते हैं, मनभेद नहीं
भाजपा में कार्यकर्ताओं के बीच एकजुटता पर जोर देते हुए वन मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में आपसी मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं है। उन्होंने इसे भाजपा संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताया।
उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जो साल के 12 महीने चुनाव के लिए तैयार रहती है। कार्यकर्ताओं की सक्रियता लगातार बनी रहती है और संगठनात्मक स्तर पर भी चुनाव को लेकर तैयारियां निरंतर चलती रहती हैं।
सफाई भर्ती पर 33 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र
सफाई भर्ती के मुद्दे पर संजय शर्मा ने कहा कि यह मामला लंबे समय से लंबित था। अब सरकार ने इस दिशा में प्रक्रिया आगे बढ़ाई है और 33 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दे रही है और लंबित मामलों को आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
सड़क, पानी और बिजली को लेकर सरकार गंभीर: संजय शर्मा
वन मंत्री ने कहा कि राजस्थान सरकार सड़क, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर गंभीरता से काम कर रही है। सरकार की ओर से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और इनका असर अब धरातल पर भी दिखाई देने लगा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विकास कार्यों को और गति दी जाएगी। भाजपा आगामी नगर निगम चुनाव में सरकार के विकास कार्यों, संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के साथ जनता के बीच जाने की तैयारी में है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


