भीलवाड़ा के बाबूलाल जाजू सम्मानित, दिल्ली में दिया गया सम्मान
नई दिल्ली/भीलवाड़ा। इंडियन नेशनल ट्रस्ट फॉर आर्ट एंड कल्चरल हेरिटेज (इंटैक) द्वारा वर्ष 2025 का प्रतिष्ठित ‘अनिरुद्ध भार्गव पर्यावरण पुरस्कार’ भीलवाड़ा चैप्टर के कन्वीनर एवं पर्यावरणविद बाबूलाल जाजू को प्रदान किया गया। यह सम्मान उन्हें पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन समर्पण, निष्ठा और प्रभावशाली कार्यों के लिए दिया गया।
इंटैक मुख्यालय, नई दिल्ली में आयोजित वार्षिक आम सभा (एजीएम) के दौरान हुए सम्मान समारोह में इंटैक के चेयरमैन अशोक ठाकुर, मेंबर सेक्रेटरी डॉ. रविन्द्र सिंह तथा चैप्टर्स डिवीजन डायरेक्टर अरविंद शुक्ला ने जाजू को स्मृति चिन्ह, प्रशंसा पत्र एवं एक लाख रुपये का चेक भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर जाजू के साथ उनकी पत्नी सुशीला जाजू और पुत्री अस्मिता चौधरी भी उपस्थित रहीं। देशभर के विभिन्न इंटैक चैप्टर्स द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्यों के मूल्यांकन के आधार पर जाजू का चयन किया गया, जो उनके निरंतर प्रयासों का प्रमाण है।
उल्लेखनीय है कि बाबूलाल जाजू ने वर्षों से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण, नदियों एवं जल स्रोतों के पुनर्जीवन, बड़े स्तर पर पौधारोपण, जंगलों के संरक्षण, जलाशयों के पुनरुद्धार तथा हरित आवरण बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण कार्य किए हैं। इसके साथ ही पशु कल्याण के क्षेत्र में भी उनका योगदान सराहनीय रहा है।
समारोह में इंटैक एजुकेशन डायरेक्टर पूर्णिमा दत्त, प्राकृतिक विरासत निदेशक मनु भटनागर सहित देशभर से आए विभिन्न चैप्टर्स के कन्वीनर्स ने जाजू को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


