खैरथल में सड़क किनारे ठेली वाले मिला 2500 रुपये और दस्तावेजों से भरा पर्स, कागजात के आधार पर मालिक तक पहुंचाया
खैरथल। आज के दौर में जहां कई बार लोगों को रास्ते में मिली वस्तु को अपने पास रखने का लालच हो जाता है, वहीं खैरथल में फल की ठेली लगाने वाले एक युवक ने ईमानदारी और मानवता की मिसाल पेश की है। मातौर रोड स्थित अग्रसेन सर्किल के पास फल की ठेली लगाने वाले लक्की माखीजा पुत्र दिलीप को एक महिला का पर्स मिला। पर्स में 2500 रुपये नकद सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे।
लक्की माखीजा ने पर्स मिलने के बाद उसे अपने पास रखने के बजाय उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू कर दी। पर्स में रखे दस्तावेजों के आधार पर उन्होंने महिला की पहचान करने का प्रयास किया और आखिरकार दांतला ग्राम निवासी कौशल देवी तक पहुंचने में सफल रहे।
कागजात के आधार पर खोजा पर्स का मालिक
खैरथल निवासी समाजसेवी विनोद अग्रवाल ने बताया कि लक्की माखीजा को महिला का पर्स मिलने के बाद उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसके मालिक को तलाश किया। पर्स में मिले दस्तावेजों से महिला की पहचान होने के बाद लक्की ने पर्स सुरक्षित रूप से कौशल देवी को वापस सौंप दिया।
पर्स वापस मिलने पर कौशल देवी ने लक्की माखीजा का आभार व्यक्त किया और उनके इस कार्य की सराहना की। वहीं, घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों ने भी लक्की की ईमानदारी की प्रशंसा की।
ईमानदारी का सकारात्मक संदेश
लक्की माखीजा के इस कार्य ने समाज में ईमानदारी और जिम्मेदारी का सकारात्मक संदेश दिया है। लोगों का कहना है कि आज के समय में जहां किसी को सड़क पर पड़ी छोटी से छोटी वस्तु मिलने पर उसे अपने पास रखने की प्रवृत्ति दिखाई देती है, वहीं लक्की ने रुपये और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा पर्स उसके असली मालिक तक पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि ऐसे उदाहरण समाज में भरोसा कायम करने के साथ-साथ युवाओं को भी ईमानदारी और सही रास्ते पर चलने की प्रेरणा देते हैं। लक्की माखीजा के इस कार्य की क्षेत्र में लगातार सराहना हो रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


