15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर शहीद स्मारक में होगा भव्य आयोजन, सैनिकों-वीरांगनाओं का सम्मान और देशभक्ति कार्यक्रम
अलवर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अलवर में देशभक्ति और राष्ट्र गौरव की भावना से ओतप्रोत स्वतंत्रता गौरव उत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति की ओर से 15 अगस्त को शाम 6:30 बजे शहीद स्मारक पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में 11 हजार दीपक जलाकर देश के वीर शहीदों और सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिकों को नमन किया जाएगा। कार्यक्रम में सैनिकों एवं वीरांगनाओं का सम्मान करने के साथ ही स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। इस आयोजन की तैयारियां समिति की ओर से शुरू कर दी गई हैं।
स्वतंत्रता गौरव उत्सव समिति के अध्यक्ष गौरीशंकर विजयवर्गीय ने बताया कि समिति की ओर से 15 अगस्त को शाम 6:30 बजे शहीद स्मारक पर स्वतंत्रता गौरव दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम स्थल को तिरंगा थीम पर सजाया जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद से होगी। इसके बाद देशभक्ति गीतों की ऑर्केस्ट्रा प्रस्तुति, पुलिस बैंड की धुन पर शहीदों को श्रद्धांजलि तथा सैनिकों और वीरांगनाओं का सम्मान किया जाएगा।
11 हजार दीपों से होगा शहीदों को नमन
आयोजन का प्रमुख आकर्षण शहीद स्मारक पर 11 हजार दीपक जलाना रहेगा। इन दीपों के माध्यम से देश की रक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में आने वाले लोगों का तिलक लगाकर, दुपट्टा ओढ़ाकर और तिरंगा बैज लगाकर स्वागत किया जाएगा।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि यह आयोजन वर्ष 2016 में पहली बार शहीद स्मारक पर शुरू किया गया था। इसके बाद स्वतंत्रता गौरव उत्सव की भावना का विस्तार हुआ और अब देश के विभिन्न राज्यों तथा सैनिक छावनियों में भी इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं।
स्कूलों में निकलेंगी रैलियां, घर-घर जलेंगे दीप
स्वतंत्रता गौरव उत्सव को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 10 से 14 अगस्त तक स्कूली विद्यार्थियों की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियां निकाली जाएंगी। समिति के कार्यकर्ता लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों से अपने-अपने घरों में दीप जलाने का आह्वान करेंगे।
समिति की ओर से शहर के प्रमुख बाजारों और प्रतिष्ठानों में पहुंचकर भी देश की रक्षा करने वाले सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने के लिए प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान, चौराहे और मंदिरों में 5-5 दीपक जलाने की अपील की जाएगी। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से 15 अगस्त के कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ होगा वीरों का सम्मान
15 अगस्त को शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम से जुड़े सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही सैनिकों एवं वीरांगनाओं को सम्मानित किया जाएगा।
समिति का उद्देश्य स्वतंत्रता दिवस को केवल औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे शहीदों के प्रति कृतज्ञता, सैनिकों के सम्मान और राष्ट्रप्रेम की सामूहिक अभिव्यक्ति के रूप में मनाना है।
समिति ने अलवर के व्यापारियों, सामाजिक, धार्मिक एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ शहरवासियों, विद्यार्थियों और युवाओं से कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


