रेखा यादव का संकल्प— शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम, अनुशासन और बालिकाओं का सर्वांगीण विकास रहेगा प्राथमिकता
किशनगढ़ बास। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, किशनगढ़ बास को नई प्रधानाचार्य के रूप में रेखा यादव मिली हैं। पदभार ग्रहण करते ही उन्होंने विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम, अनुशासन और छात्राओं के सर्वांगीण विकास को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बताया।
रेखा यादव इससे पूर्व किशनगढ़ बास एवं बास कृपाल नगर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अध्यापिका के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं। पदोन्नति के बाद उन्हें तहनोली विद्यालय में प्रधानाध्यापिका नियुक्त किया गया था। अब उन्हें राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, किशनगढ़ बास में प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
100 प्रतिशत परिणाम और बेहतर शैक्षणिक वातावरण पर रहेगा फोकस
पदभार ग्रहण के अवसर पर रेखा यादव ने कहा कि प्रधानाचार्य का दायित्व केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि पूरे विद्यालय की शैक्षणिक एवं नैतिक दिशा तय करने का होता है। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य प्रत्येक कक्षा का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना, छात्राओं की नियमित उपस्थिति बनाए रखना तथा ड्रॉपआउट की समस्या को समाप्त करना रहेगा।
उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल, सांस्कृतिक गतिविधियों और व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि छात्राओं का शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास सुनिश्चित हो सके।
सुविधाओं और करियर मार्गदर्शन पर भी विशेष ध्यान
रेखा यादव ने कहा कि विद्यालय में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, पुस्तकालय और प्रयोगशाला जैसी मूलभूत सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाएगी। साथ ही छात्राओं को करियर मार्गदर्शन और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अपने कार्यकाल में विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी।
इनकी रही उपस्थिति
पदभार ग्रहण समारोह में भाजपा मंडल अध्यक्ष मनोज मित्तल, तिजारा सीबीईओ चन्द्रभान यादव, लघु उद्योग संघ अध्यक्ष हरमेश खुराना, भाजपा महामंत्री जगदीश यादव, मंडल उपाध्यक्ष एवं पार्षद तेजसिंह सैनी, संतोष गोयल, सुभाष जांगिड़, विद्यालय स्टाफ एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


