राज्य में फसल नुकसान पर किसान सभा की मांग, सरकार से तुरंत राहत देने की अपील
जयपुर। राजस्थान में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से रबी की फसलों को हुए भारी नुकसान को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा ने गंभीर चिंता जताई है। संगठन के राज्य नेतृत्व ने राज्य सरकार से तुरंत हस्तक्षेप कर किसानों को राहत देने और नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
किसान सभा के राज्याध्यक्ष पेमाराम, राज्य महासचिव दुली चंद और राज्य संयुक्त सचिव डॉ. संजय “माधव” ने संयुक्त रूप से कहा कि इस समय प्रदेशभर में रबी फसलों की कटाई का कार्य विभिन्न चरणों में चल रहा है।
ऐसे में अचानक कई दिनों से हो रही बेमौसम बारिश और कई क्षेत्रों में हुई भारी ओलावृष्टि से फसलों को व्यापक नुकसान पहुंचा है, जिससे किसान गंभीर संकट में आ गए हैं। किसान नेताओं ने बताया कि फसलों के नष्ट होने से किसानों पर कर्ज का बोझ और बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश का किसान पहले ही आर्थिक दबाव में है और इस प्राकृतिक आपदा ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
अखिल भारतीय किसान सभा ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से मांग की है कि इस संकट की घड़ी में किसानों को तुरंत राहत दी जाए। संगठन ने मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल गिरदावरी और सर्वे करवाकर फसल नुकसान का उचित मुआवजा दिया जाए।
किसान सभा ने यह भी कहा कि जिन किसानों ने फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराया है, उन्हें शीघ्र और पर्याप्त बीमा क्लेम दिलाने के लिए सरकार ठोस कदम उठाए। साथ ही संगठन ने अपनी जिला इकाइयों से अपील की है कि वे स्थानीय स्तर पर नुकसान का आकलन कर प्रशासन पर दबाव बनाएं और किसानों को उनका हक दिलाने के लिए आंदोलन की तैयारी करें।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

