बैंड-बाजों और रैली के साथ हुआ अभिनंदन, युवाओं के लिए बताया प्रेरणादायी
कठूमर। क्षेत्र के ब्रह्मपुरा (तसई) गांव निवासी चिराग शर्मा पुत्र सुनील शर्मा (बबली) के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्त होने पर सोमवार को गांव में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता, राजनीतिक प्रतिनिधि, सेना से जुड़े लोग तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने नव नियुक्त लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा का माल्यार्पण कर एवं साफा बांधकर सम्मान किया।
सामाजिक कार्यकर्ता भूमिदत्त शर्मा ने बताया कि कठूमर विधानसभा क्षेत्र में चिराग शर्मा की लेफ्टिनेंट पद पर नियुक्ति पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बन गया है और ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
अभिनंदन समारोह में वक्ताओं ने चिराग शर्मा की इस उपलब्धि को कठूमर क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि बताते हुए युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। उन्होंने कहा कि चिराग की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी देश सेवा के लिए प्रेरणा मिलेगी।
इस अवसर पर बैंड-बाजों, ढोल-नगाड़ों और डीजे के साथ पैतृक गांव ब्रह्मपुरा में रैली निकालकर उनका भव्य स्वागत किया गया। समारोह में बल्लाना आश्रम से आई साध्वी सुषमा देवी ने भजन प्रस्तुत कर कार्यक्रम में भक्ति का माहौल बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान लेफ्टिनेंट चिराग शर्मा के साथ लेफ्टिनेंट अभिषेक रैना का भी सम्मान किया गया। समारोह में पूर्व चेयरमैन शेर सिंह मीना, पूर्व मंडल अध्यक्ष सुनील बजाज, अशोक जैन, राजेंद्र कसाना, द्वारका प्रसाद शर्मा, रमेश शर्मा, ताऊ नरेंद्र शर्मा, वेदप्रकाश, अनिल शर्मा, चाचा प्रदीप शर्मा, विजय सिंह चौधरी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भूमिदत्त शर्मा और बद्री पीटीआई ने किया।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के बेटे चिराग के भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने से पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। इस उपलब्धि पर गांव सहित आसपास के क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है। इस अवसर पर ब्रह्मपुरा गांव को राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ विशेष रूप से सजाया गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र होकर अपने गांव के बेटे का स्वागत करने पहुंचे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


