विजय मुनि महाराज के सानिध्य में 23 को होगा भव्य आयोजन
अलवर। स्थानीय सूर्य नगर स्थित भगवान पाश्र्वनाथ–पद्मावती माता मंदिर में इस वर्ष आयोजित होने वाला वार्षिकोत्सव भक्ति और आध्यात्मिक उत्साह का अद्वितीय संगम बनने जा रहा है। कार्यक्रम का शुभ आयोजन विद्वद-शिरोमणी आचार्य विजय मुनि महाराज के पावन सानिध्य में किया जाएगा। इस अवसर पर राजस्थान सरकार के पूर्व नि:शक्तजन आयुक्त खिल्लीमल जैन मुख्य अतिथि रहेंगे, जबकि जैन पत्रकार महासंघ, अलवर के जिला संयोजक पत्रकार हरीश जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
योग साधना केन्द्र व जैन मंदिर सूर्य नगर, अलवर के अध्यक्ष विनोद कुमार जैन ने बताया कि वार्षिकोत्सव के दौरान आचार्य विजय मुनि महाराज के साथ युवाचार्य अरविन्द मुनि, विधाभिलाषी चेतन मुनि एवं साध्वी गरिमा जी का दिव्य सानिध्य प्राप्त होगा तथा उनके प्रवचन भी आयोजित किए जाएंगे।
केन्द्र के सचिव महावीर प्रसाद गुप्ता ने जानकारी दी कि 23 नवम्बर को प्रातः 9 बजे कार्यक्रम की शुरुआत झण्डारोहण से होगी, जिसे दिल्ली के समाजसेवी जिनेन्द्र जैन द्वारा संपादित किया जाएगा। इसके उपरांत गर्भगृह में पूजा-अर्चना का शुभ आयोजन होगा। इस पूजा का लाभ सूरत (गुजरात) की समिता बहन ढ़ोशी, धर्मपत्नी भरत भाई, को प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि खिल्लीमल जैन का विशेष सम्मान भी किया जाएगा। वार्षिकोत्सव में भाग लेने के लिए देशभर के विभिन्न प्रांतों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु अलवर पहुंचेंगे और इस आध्यात्मिक पर्व का लाभ उठाएंगे।
- मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_cइसी तरह की स्टोरी के लिए देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html

