तीन दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक धरोहर को मिला मंच, कलाकारों ने दी लोक रस से भरपूर प्रस्तुतियां
मिशनसच न्यूज, हलैना/धरसोनी। श्री सत्यले ग्राम विकास समिति एवं ग्रामवासियों की संयुक्त मेजबानी में ग्राम धरसोनी में आयोजित तीन दिवसीय भजन–जिकड़ी दंगल का रविवार को गरिमामयी समापन हुआ। भक्ति, लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता से सराबोर इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के गांवों के लोगों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि समृद्ध भारत अभियान के निदेशक सीताराम गुप्ता रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष मोहन सिंह ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में ईश्वर सिंह, जगत सिंह, हरप्रसाद सिंह ‘बबलू’ एवं साहब सिंह उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सीताराम गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि भजन–जिकड़ी भारतीय संस्कृति की जीवंत धरोहर है। इस परंपरा के माध्यम से सनातन धर्म, महापुरुषों के जीवन प्रसंग, स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों और वीर योद्धाओं की गाथाएं पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती रहती हैं। उन्होंने कहा कि जिकड़ी के गीतों और कथाओं से युवाओं और बच्चों को भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं लोकपरंपराओं का ज्ञान सहज रूप से प्राप्त होता है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों के साथ-साथ स्वच्छता, रोजगार सृजन, नशा मुक्ति, महिला सशक्तिकरण, प्राकृतिक खेती और आत्मनिर्भरता जैसे विषयों पर भी सामूहिक प्रयास किए जाएं।
कार्यक्रम के दौरान जिकड़ी दंगल में भाग लेने वाले गायक–गायिकाओं ने हास्य, वीर, ओज, करुणा और लोक रस से भरपूर प्रस्तुतियां देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। रामायण, महाभारत एवं विभिन्न लोककथाओं पर आधारित गीतों के साथ पारंपरिक लोकगीत, चुटकुले और हास्य प्रस्तुतियों ने देर रात तक दर्शकों को बांधे रखा।
समिति के प्रवक्ता साहब सिंह एवं कोषाध्यक्ष जगत सिंह ने बताया कि यह जिकड़ी दंगल 1 से 3 फरवरी तक सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। तीन दिनों तक गांव का वातावरण भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा।
दंगल में नीलम अभोर्रा, पूजा डागुर, छवि देशवाल, सावित्री जटमासी, दीपक जगनेर, जलसिंह भटावली, तेज सिंह ईशरौली, भूपेंद्र सिंह सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
समिति सदस्यों एवं अतिथियों ने सभी कलाकारों का शॉल, फूलमाला और स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया। कार्यक्रम में रमन सिंह, लखन सिंह, दलेल सिंह, भाजपा जिला प्रवक्ता शेर सिंह, जगराम सिंह, प्रताप सिंह सहित गणमान्य नागरिक एवं हजारों ग्रामीण मौजूद रहे।
तीन दिवसीय यह सांस्कृतिक महोत्सव ग्रामीण क्षेत्र में परंपरा संरक्षण, सामाजिक एकता और जनजागरूकता का प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभरा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


