सर्किल का लोकार्पण: यातायात व्यवस्था सुधारने को समृद्ध भारत अभियान का कदम
भरतपुर। शहर में बढ़ती यातायात समस्याओं के समाधान के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए समृद्ध भारत अभियान द्वारा कृष्णा नगर चौराहे का विकास कर उसे व्यवस्थित सर्किल के रूप में तैयार किया गया। इस नव विकसित सर्किल का विधिवत लोकार्पण पुलिस उपाधीक्षक (शहर) नरेन्द्र कुमार ने फीता काटकर किया।
इस विकास कार्य को संस्था के निदेशक सीताराम गुप्ता के निर्देशन में पूरा किया गया। यातायात को सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से ड्रमों की सहायता से आकर्षक सर्किल तैयार किया गया है, जिसमें पौधारोपण कर हरित वातावरण का भी समावेश किया गया है।
गौरतलब है कि काली की बगीची से आरबीएम हॉस्पिटल तक फ्लाईओवर निर्माण कार्य के चलते कन्नी गुजर चौराहे से यातायात बंद किया गया है। इसके चलते कृष्णा नगर चौराहे पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया था। पहले यहां किसी प्रकार की ट्रैफिक व्यवस्था नहीं होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए नरेन्द्र कुमार ने कहा कि पुलिस शहर में सुचारू यातायात संचालन के लिए निरंतर प्रयासरत है, लेकिन आधारभूत संरचना की कमी के कारण कई बार चुनौतियां आती हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अन्य संस्थाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
संस्था के राज्य समन्वयक पुनीत गुप्ता ने बताया कि भविष्य में शहर के अन्य प्रमुख चौराहों पर भी इस तरह के सर्किल विकसित करने की योजना है। उन्होंने बताया कि कृष्णा कॉलोनी में भी इसी प्रकार का एक सर्किल तैयार किया जा चुका है और संस्था जनहित के कार्यों में आगे भी सक्रिय रहेगी।
इस अवसर पर सीडीपीओ कुम्हेर महेन्द्र अवस्थी सहित कई गणमान्य नागरिक, स्थानीय निवासी और संस्था से जुड़े सदस्य उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


