भिवाड़ी बीड़ा कार्यालय बैठक में प्रोजेक्ट समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी के निर्देश
भिवाड़ी। बीड़ा कार्यालय में जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विकास कार्यों एवं बजट घोषणाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
बैठक में विशेष रूप से बजट घोषणाओं के अंतर्गत भूमि आवंटन से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जिला कलेक्टर ने 45 मीटर रोड से संबंधित प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समयसीमा का पालन अनिवार्य है।
बैठक में बीड़ा की इंजीनियरिंग शाखा के अंतर्गत चल रहे विभिन्न विकास कार्यों जैसे स्टेडियम निर्माण, भिवाड़ी मोड़ के सौंदर्यकरण, फूड कोर्ट निर्माण सहित अन्य परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रोजेक्ट्स को तय समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिल सके।
कलेक्टर अतुल प्रकाश ने कहा कि सभी विभाग परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करें और प्रगति की समीक्षा करते रहें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बीड़ा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कपिल यादव सहित सभी शाखाओं के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्हें निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए समय पर पूरा किया जाए।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


