लगातार चोरी की वारदातों से दहशत, मंदिर से घंटी-चढ़ावा चोरी तो पास के मकान से गाटर पार
अलवर। शहर के अखैपुरा थाना क्षेत्र स्थित गुणी का कुआं महल चौक इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में महल चौक के समीप स्थित एक मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया, जहां देर रात अज्ञात बदमाश मंदिर में रखी घंटी, चढ़ावे के पैसे और अन्य सामान चोरी कर ले गए।
सुबह जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो मंदिर परिसर में सामान बिखरा पड़ा मिला, जिसके बाद चोरी की घटना का खुलासा हुआ। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन चोरी की वारदातें हो रही हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने बताया कि मंदिर से करीब 100 मीटर दूरी पर स्थित एक मकान से भी चोर गाटर चोरी कर ले गए। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इससे पहले भी कई बार चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस में शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक किसी भी मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस गश्त केवल कागजों तक सीमित नजर आ रही है।
स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


