जनगणना अधिकारी के निरीक्षण में मकान गणना कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश
अलवर। प्रमुख जनगणना अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को जनगणना-2027 के प्रथम चरण के तहत नगर पालिका मालाखेड़ा क्षेत्र में चल रहे मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और प्रगणकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलेक्टर ने जनगणना ब्लॉकों (एचएलबी) का निरीक्षण करते हुए एचएलओ मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रगणकों द्वारा किए जा रहे फील्ड कार्य की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने मकानों की सूचीबद्धता प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि कोई भी मकान या परिवार गणना से वंचित नहीं रहना चाहिए।
जनगणना कार्य पर जोर, 14 जून तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
प्रमुख जनगणना अधिकारी ने निर्देश दिए कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य को निर्धारित समय सीमा 14 जून 2026 तक शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाए। उन्होंने नगरपालिका क्षेत्र की चार्ज अधिकारी सुश्री नवज्योति कवरिया एवं सुपरवाइजर को प्रतिदिन प्रगणकों के कार्य का क्रॉस चेक करने और तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नागरिकों से सहयोग की अपील, सही जानकारी देने का आग्रह
डॉ. आर्तिका शुक्ला ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी लोग जनगणना कर्मियों को सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध करवाकर सहयोग करें।
इस दौरान चार्ज अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी मालाखेड़ा सुश्री नवज्योति कवरिया, जिला समन्वयक लोकेश मीणा, हरीश कुमार, बीएसओ रामगढ़, कनिष्ठ अभियंता श्याम सुंदर पांडेय, प्रगणक प्रभा सहित संबंधित जनगणना कार्मिक मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


