मूसाखेड़ा : मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम, पूर्व में भैंस को जहर देने व घर में आग लगाने के भी आरोप
किशनगढ़ बास। खैरथल–तिजारा जिले के किशनगढ़ बास थाना क्षेत्र के गांव मूसाखेड़ा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपनी 9 माह की दूधमुही बेटी का गला घोंटकर हत्या कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया और महिला के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मासूम बच्ची अक्सा के दादा आजाद खान ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट देकर अपनी पुत्रवधू रूनीजा पर पोती की हत्या का आरोप लगाया।
रिपोर्ट के अनुसार घटना शनिवार देर रात करीब 9.30 बजे की है। आजाद खान ने बताया कि वह कमरे की ओर बढ़े तो रूनीजा अपनी मासूम बच्ची का गला दबा रही थी। वह तुरंत कमरे में घुसे, बच्ची को उठाकर उसकी छाती दबाई और सांस देने की कोशिश की, मगर तब तक बच्ची की मौत हो चुकी थी।
बच्ची के पिता कैफ मोहम्मद, जो किशनगढ़ बास में हलवाई की दुकान पर काम करते हैं, को सूचना मिलने पर वह रात 10 बजे घर पहुंचे और परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली।
परिजनों ने पुलिस को यह भी बताया कि 13 नवंबर 2025 को रूनीजा ने भैंसों के चारे में जहर मिला दिया, जिससे भैंस की मौत हो गई थी।
इसके अलावा महिला पर घर में आग लगाने का भी आरोप है।
रूनीजा मूल रूप से गांव बाघौर की रहने वाली है और उसकी शादी वर्ष 2022 में मूसाखेड़ा में हुई थी। बच्ची का जन्म 9 माह पहले हुआ था।
रविवार को किशनगढ़ बास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पुलिस की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।
इस दौरान दोनों पक्षों के युवकों के बीच नोकझोंक हो गई, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर समझाइश दी और स्थिति को शांत किया।
पुलिस कर रही है जांच
थानाधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार महिला के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बच्ची का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है और मामले की जांच विभिन्न पहलुओं पर जारी है
- मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_cइसी तरह की स्टोरी के लिए देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html


