प्रतिभा सम्मान समारोह में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने मेधावियों का बढ़ाया उत्साह, शिक्षा को बताया विकास की कुंजी
अलवर। मेघवाल विकास समिति, जिला अलवर द्वारा आयोजित 13वें प्रतिभा सम्मान समारोह-2026 में राजस्थान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में समाज के मेधावी विद्यार्थियों, प्रतिभाशाली युवाओं एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 325 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
सम्मानित प्रतिभाओं में 10वीं, 12वीं, स्नातक (बीए) सहित उच्च शिक्षा एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राएं शामिल रहे। समारोह में उन्हें प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं सम्मान सामग्री भेंट कर उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जो समाज अपने बच्चों की शिक्षा और प्रतिभा का सम्मान करता है, वह निश्चित रूप से विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का आह्वान करते हुए कहा कि आज के युवा ही देश और समाज का भविष्य हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह नियमित रूप से आयोजित होने चाहिए, ताकि विद्यार्थियों का मनोबल बढ़े और वे जीवन में नई उपलब्धियां हासिल करने के लिए प्रेरित हों।
टीकाराम जूली ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभाओं को मंच देकर सम्मानित करना एक सराहनीय पहल है, जिससे समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार होता है और नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।
समारोह में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक, युवा एवं महिलाएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान शिक्षा, सामाजिक एकता और प्रतिभाओं के सम्मान का संदेश प्रमुख रूप से देखने को मिला।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


