ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती पर महिला शिक्षा और किसान सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री ने किया युवाओं से आह्वान
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले ने समाज सुधार और राष्ट्र निर्माण में ऐतिहासिक योगदान दिया। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्री बाई फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा की अलख जगाई और समाज में जागरूकता का नया संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे महात्मा फुले के जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक जागरूकता और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को जयपुर स्थित बिरला ऑडिटोरियम में महात्मा ज्योतिबा फुले की 200वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर देशभर में महात्मा फुले की 200वीं जयंती दो वर्षों तक मनाई जाएगी। इसकी शुरुआत 11 अप्रैल से हो चुकी है और यह आयोजन 11 अप्रैल 2028 तक जारी रहेगा। इसके लिए प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति का गठन भी किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी इस आयोजन को प्रदेशभर में भव्य रूप से मना रही है। उन्होंने बताया कि हिंडौली में महात्मा फुले एवं सावित्री बाई फुले की जीवनी पर आधारित पैनोरमा और पुस्तकालय का निर्माण किया जाएगा। साथ ही प्रदेश के प्रत्येक ब्लॉक में सावित्री बाई फुले ई-लाइब्रेरी स्थापित करने और सभी जिलों में महात्मा ज्योतिबा फुले आदर्श विद्यालय खोलने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त 16 नए सावित्री बाई फुले छात्रावास भवनों का निर्माण भी करवाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने माली समाज के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि यह समाज धरती माता से गहरे जुड़ाव के कारण “धरती पुत्र” के रूप में पहचाना जाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 23 से 25 मई तक जयपुर में ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट ‘ग्राम-2026’ का आयोजन कर रही है, जिसमें किसान, कृषि वैज्ञानिक, शिक्षाविद् और नीति निर्माता भाग लेकर खेती को अधिक लाभकारी और आधुनिक बनाने पर चर्चा करेंगे। उन्होंने आमजन और किसानों से इस आयोजन में अधिकाधिक भागीदारी करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में वर्ष 2014 के बाद देश ने अभूतपूर्व विकास देखा है। केंद्र सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं और गरीबों के कल्याण को प्राथमिकता देते हुए योजनाएं चला रही है। उन्होंने बताया कि पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों को 6 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है, जबकि राजस्थान सरकार ने इसमें 3 हजार रुपये और जोड़कर इसे 9 हजार रुपये कर दिया है।
उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत सबसे अधिक पॉलिसी जारी करने वाला राज्य बना है। राज्य सरकार गेहूं की एमएसपी पर 150 रुपये बोनस भी दे रही है। साथ ही प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और वर्ष 2027 तक पूरे राजस्थान में दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड ऋण योजना, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना और ग्रीन हाउस स्थापना जैसी योजनाओं से किसानों और पशुपालकों को राहत मिल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है।
कार्यक्रम में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत, सांसद मदन राठौड़, राजेन्द्र गहलोत, विधायक बालमुकुंदाचार्य, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री कैलाश चौधरी, पूर्व विधायक प्रभुलाल सैनी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


