More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशधनतेरस और दिवाली को लेकर भोपाल में तैयारियां तेज, बाजारों में ट्रैफिक...

    धनतेरस और दिवाली को लेकर भोपाल में तैयारियां तेज, बाजारों में ट्रैफिक प्लान लागू और दमकलें अलर्ट

    भोपाल। धनतेरस के साथ ही राजधानी भोपाल के बाजारों में दीपावली की रौनक चरम पर पहुंचने वाली है। पांच दिनों तक बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस ने सुरक्षा व ट्रैफिक के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों में जाम से निपटने के लिए वन-वे और रूट डायवर्जन लागू रहेगा, जबकि आगजनी की किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए फायर ब्रिगेड की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

    11 फायर स्टेशनों पर 500 कर्मी तैनात, दमकल वाहन रहेंगे अलर्ट

    हाल ही में न्यू मार्केट में हुई आगजनी की घटना को देखते हुए नगर निगम के फायर अमले ने विशेष सतर्कता बरतने की रणनीति बनाई है। शहर के सभी 11 फायर स्टेशनों पर करीब 500 कर्मचारियों की डबल शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। आपात स्थिति से निपटने के लिए 30 दमकल वाहन और पानी से भरे 22 टैंकर तैयार रखे गए हैं। पुराने शहर की संकरी गलियों के लिए छोटे दमकल वाहनों को तैनात किया गया है। फायर ऑफिसर सौरभ पटेल के अनुसार, सभी प्रमुख पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सीधे तैनात रहेंगी।

    10 नंबर और न्यू मार्केट में ट्रैफिक डायवर्जन व पार्किंग व्यवस्था

    बाजारों में सुगम यातायात के लिए 10 नंबर मार्केट में 4 से 9 नवंबर तक आवश्यकतानुसार वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी। इसके तहत वंदे मातरम चौराहे से वाहन बाजार में प्रवेश कर नेशनल अस्पताल की ओर निकल सकेंगे, जबकि विपरीत दिशा से प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। न्यू मार्केट आने वाले खरीदारों के लिए टीटी नगर थाना चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग निर्धारित की गई है। अत्यधिक दबाव बढ़ने पर रंगमहल और टीटी क्रॉस तिराहे से आने वाले ट्रैफिक को मटका चौराहा और स्पोर्ट्स मार्ट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

    एमपी नगर, बैरागढ़ और मालवाहक वाहनों के लिए निर्देश

    एमपी नगर जोन-1 और बैरागढ़ के पंचानन चौराहे के पास मल्टीलेवल पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई है। इसके अलावा, यातायात पुलिस ने व्यापारियों से अपील की है कि दुकानों में सामान की लोडिंग और अनलोडिंग का काम केवल रात 12 बजे से सुबह 7 बजे के बीच ही करें, ताकि दिन के समय मुख्य सड़कों पर मालवाहक वाहनों के कारण जाम न लगे। नागरिकों से भी भीड़भाड़ वाले इलाकों में निजी वाहनों की जगह सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने का अनुरोध किया गया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here