कॉस्मेटिक का सामान लेने अलवर आ रहा था बाइक सवार युवक, राठ नगर के पास रोडवेज हादसे से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अलवर। शहर के शिवाजी पार्क थाना क्षेत्र में सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा रोडवेज की बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही शिवाजी पार्क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाकर आगे की कार्रवाई शुरू की।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अनीश निवासी नादनहेड़ी, चांदोली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अनीश अपने गांव से बाइक पर अलवर शहर आ रहा था। वह डेहरा में कॉस्मेटिक की दुकान संचालित करता था और दुकान के लिए सामान खरीदने अलवर जा रहा था।
इसी दौरान राठ नगर के पास तेज रफ्तार हरियाणा रोडवेज की बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनीश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त बाइक तथा हरियाणा रोडवेज बस को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं नादनहेड़ी गांव में भी शोक का माहौल है।
शिवाजी पार्क थाना पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसा बस की टक्कर से होना सामने आया है। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। परिजनों की ओर से रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

