जल संरक्षण, स्वच्छता, पौधारोपण और जनजागरण कार्यक्रमों के होंगे आयोजन
अलवर। जिले में वर्षा जल को संरक्षित कर भूजल स्तर बढ़ाने तथा जल संचयन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित वंदे गंगा ‘जल संरक्षण-जन अभियान’ के तहत 28 एवं 29 मई को जिलेभर में विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण एवं स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
28 मई को होंगे जल सेवा और जनजागरण कार्यक्रम
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि 28 मई को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, कृषि उपज मंडी समिति सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर भामाशाहों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से वंदे गंगा जल सेवा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके साथ ही पेयजल स्रोतों की साफ-सफाई, जल बचत को लेकर जनजागृति कार्यक्रम तथा जल परीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा।
भू-जल विभाग द्वारा कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत विभिन्न कार्यों का अवलोकन एवं नई स्वीकृतियां जारी की जाएंगी। वहीं सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सरकारी भवनों में स्थित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम (आरडब्ल्यूएचएस) की साफ-सफाई एवं मरम्मत कार्य किए जाएंगे तथा सड़क किनारे पौधारोपण के लिए अग्रिम तैयारियां की जाएंगी।
सीएसआर कार्यशाला और ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव पर जोर
उद्योग विभाग द्वारा सीएसआर कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। साथ ही कर्मभूमि से मातृभूमि अभियान के तहत कार्यों का निरीक्षण एवं नवीन स्वीकृतियां जारी की जाएंगी। औद्योगिक संस्थानों, निजी एवं सरकारी कार्यालयों को ग्रीन ऑफिस इनिशिएटिव, एनर्जी ऑडिट और ग्रीन बजट के संबंध में जानकारी भी दी जाएगी।
29 मई को गांवों में स्वच्छता और जल स्रोतों की सफाई अभियान
29 मई को ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण एवं राजीविका के माध्यम से प्राचीन तालाबों, जोहड़ों एवं अन्य जल स्रोतों की साफ-सफाई और मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा गांवों के सभी जल स्रोतों की मैपिंग, सोख्ता गड्ढों की सफाई, मुख्य मार्गों, चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
राजीविका के ग्राम संगठन एवं सीएलएफ कार्यालयों में भी स्वच्छता अभियान चलाकर ग्रामीणों को जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


