विधानसभा में नसीराबाद सहित प्रदेश के विद्यालयों पर मदन दिलावर का बयान
जयपुर। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने सोमवार को विधानसभा में कहा कि राज्य सरकार शिक्षा विभाग में आगामी वर्षों में सेवानिवृत्ति से रिक्त होने वाले पदों को ध्यान में रखते हुए भर्ती संबंधी निर्णय ले रही है।
4850 नवीन पदों का सृजन
मंत्री ने बताया कि वर्तमान सरकार ने 970 महात्मा गांधी स्कूलों में विज्ञान संकाय खोले हैं। इनके सफल संचालन के लिए 17 जुलाई 2025 को 4850 नवीन पद सृजित किए गए, जिनमें 3880 व्याख्याता (स्कूल शिक्षा) तथा 970 प्रयोगशाला सहायकों के पद शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार ने केवल महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के बोर्ड लगाए, लेकिन शिक्षकों की भर्ती के लिए प्रयास नहीं किए गए, जिसका खामियाजा विद्यार्थियों को उठाना पड़ा।
बजट घोषणा और अतिरिक्त संकाय
प्रश्नकाल के दौरान विधायक रामस्वरूप लाम्बा द्वारा पूछे गए पूरक प्रश्नों के उत्तर में शिक्षा मंत्री ने बताया कि बजट घोषणा वर्ष 2025-26 में 100 विद्यालयों में अतिरिक्त संकाय स्वीकृति की घोषणा की गई थी, जिनमें से 99 विद्यालयों को स्वीकृति जारी की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद में 6 विज्ञान संकाय खोले गए हैं, जिनके लिए 24 व्याख्याता एवं 6 प्रयोगशाला सहायकों के नवीन पद सृजित किए गए हैं।
नसीराबाद के विद्यालयों की स्थिति
मंत्री ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र नसीराबाद (अजमेर) में संचालित 94 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में से 21 विद्यालयों में विज्ञान संकाय संचालित है। विद्यालयों का नामवार विवरण सदन की मेज पर रखा गया।
आगामी बजट में निर्णय संभव
उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट घोषणा वर्ष 2026-27 में अतिरिक्त विषय अथवा नवीन विज्ञान संकाय के संबंध में कोई वित्तीय प्रावधान नहीं रखा गया है।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि आगामी सत्र में बजट एवं वित्तीय प्रावधान उपलब्ध होने पर विज्ञान संकाय की स्वीकृति संबंधी कार्यवाही की जा सकेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


