पर्यावरण संरक्षण के लिए स्वच्छता अभियान में किया श्रमदान
अलवर। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में अभिसारा समिति द्वारा बुधवार को बुद्ध विहार डी ब्लॉक पार्क में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान समिति के कार्यकर्ताओं ने पार्क और आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक एवं पॉलीथीन सहित लगभग दो क्विंटल कचरा एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान सायं 4 बजे शुरू हुआ, जिसमें समिति के सदस्य सात समूहों में विभाजित होकर पार्क परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सफाई में जुटे। इस दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक, पॉलीथीन और अन्य अपशिष्ट सामग्री हटाकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पार्क में नियमित रूप से भ्रमण करने वाले नागरिकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। उपस्थित लोगों से पार्क और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने तथा प्लास्टिक उपयोग कम करने का आह्वान किया गया।
समिति के अध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने बताया कि संयोजक विष्णु स्वामी के नेतृत्व में अशोक आहूजा, हरिनारायण मुखीजा, कपूर चंद, रतिराम गुप्ता, अशोक शर्मा, राजेश शर्मा, पूरणमल शर्मा, सुरेश बंसल, त्रिलोकचंद, सुभाष डूडेजा एवं विजय कुमार सहित विद्या कुंज में अध्ययनरत संभागियों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।
उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून को प्रातः 7 बजे से 8:15 बजे तक विद्या कुंज डी ब्लॉक पार्क, बुद्ध विहार में पर्यावरण संरक्षण विषय पर चार प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों की भी सहभागिता रहेगी, जो पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता का संदेश देंगे। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से कार्यक्रम में भागीदारी निभाने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


