गुलाब चंद कटारिया और वासुदेव देवनानी ने महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रनिर्माण का आह्वान किया
अलवर। पंजाब के राज्यपाल एवं केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया तथा राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को अलवर के प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित व्याख्यान माला एवं विशिष्ट जन सम्मान समारोह में शिरकत की। कार्यक्रम का आयोजन सुंदर सिंह भंडारी चेरिटेबल ट्रस्ट, उदयपुर द्वारा स्वर्गीय सुंदर सिंह भंडारी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि के अवसर पर किया गया।

समारोह में राष्ट्रसेवा, सामाजिक जागरूकता एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले 21 वरिष्ठजनों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
युवा पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति का संदेश
राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने अपने संबोधन में स्वर्गीय सुंदर सिंह भंडारी और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन राष्ट्रसेवा, सादगी और समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को उनके जीवन मूल्यों से प्रेरणा लेकर राष्ट्रहित में कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत ऋषि-मुनियों की तपोभूमि रहा है और भारतीय संस्कृति के आदर्शों को आत्मसात कर समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
विकसित भारत के संकल्प पर जोर
राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और सुंदर सिंह भंडारी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने के लिए भारतीय ज्ञान परंपरा, नैतिक मूल्यों और राष्ट्रहित सर्वोपरि की भावना को आगे बढ़ाना आवश्यक है।
सादगीपूर्ण जीवन और उच्च चरित्र पर बल
कार्यक्रम में वरिष्ठजन शंकर लाल ने अपने विचार रखते हुए कहा कि जीवन में समय का सदुपयोग, स्वच्छ आचरण, उच्च चरित्र, संयमित वाणी और स्वस्थ जीवनशैली को अपनाना चाहिए। उन्होंने सार्वजनिक जीवन में सादगी और पारदर्शिता को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
विभिन्न क्षेत्रों के 19 वरिष्ठजन सम्मानित
समारोह में अलवर, जयपुर, झुंझुनूं, सीकर, बीकानेर, नागौर, राजसमंद, पाली, भरतपुर, श्रीगंगानगर, झालावाड़ तथा मध्यप्रदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 21 वरिष्ठजनों को समाज और राष्ट्रहित में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वालों में तिलकराज गांधी, पं. धर्मवीर शर्मा, ताराचंद गोयल, ओमप्रकाश गुप्ता, बालचंद आर्यवीर, सुरेंद्र सिंह यादव, निर्मल कुमार बारडिया, बनवारी लाल चेजारा, रामस्वरूप शर्मा, हरदयाल वर्मा, भागीरथ चौधरी, लोकेन्द्र सिंह राठौड़, बिशन सिंह तंवर, वैद्य लक्ष्मीनारायण जोशी, प्रमिला शर्मा, नारायण लाल उपाध्याय, गौरीशंकर गुप्ता, लालचंद तथा सुमन बंसल शामिल रहे।
जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्धजनों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में तिजारा विधायक महंत बालकनाथ, रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह, कठूमर विधायक रमेश खिंची, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम संयोजक महावीर उपाध्याय ने सभी का आभार व्यक्त किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


