खेत पर दवाई सेवन के बाद बिगड़ी तबीयत, जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अलवर। जिले के रेणी थाना क्षेत्र के ग्राम सालोली में एक 28 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिससे परिवार में शोक की लहर छा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सालोली निवासी विनोद पुत्र कमलेश बुधवार को अपने खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान उसने खेत में रखी दवाई का सेवन कर लिया, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह अचेत हो गया।
परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया तथा गांव में भी शोक का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। पिता की असमय मृत्यु से परिवार पर आर्थिक और सामाजिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
इस संबंध में रेणी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण कर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


