ग्रामीण सेवा शिविर से सपना पूरा, पीएम आवास योजना ने बदली जिंदगी
अलवर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मार्गदर्शन में जिलेभर में आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को बड़ी राहत मिल रही है।
इसी क्रम में रैणी तहसील की ग्राम पंचायत सैंथल निवासी लाली देवी को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने से उनके पक्के घर का सपना साकार हो गया। लंबे समय तक कच्चे मकान में रहने के बाद अब उनका परिवार सुरक्षित और बेहतर आवास में जीवन यापन कर सकेगा।
कच्चे घर से पक्के आशियाने तक का सफर
लाभार्थी लाली देवी ने बताया कि उनका परिवार वर्षों से कच्चे मकान में रह रहा था, जिसके कारण सर्दी, गर्मी और बरसात के मौसम में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाली लाली देवी के लिए आर्थिक तंगी के कारण पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर पंचायत समिति के कार्मिकों से प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में जानकारी प्राप्त की और आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आवेदन किया। पात्रता के आधार पर उन्हें योजना के तहत आर्थिक सहायता मिली, जिससे उनका मकान बनकर तैयार हो गया।
परिवार में खुशी का माहौल
पक्का घर बनने के बाद लाली देवी और उनके परिवार ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें मौसम की मार और आवास संबंधी परेशानियों से राहत मिल गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना ने उनके परिवार का वर्षों पुराना सपना पूरा कर दिया।
ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण की अवधारणा को मजबूती मिल रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


