टॉप 100 बास्केटबॉल खिलाड़ी दिखा रहे दम, दूधिया रोशनी में रोमांचक मुकाबलों का उठ रहे खेल प्रेमी लुत्फ
अलवर। शहर में 12 साल बाद एक बार फिर बास्केटबॉल का बड़ा आयोजन देखने को मिल रहा है। मेजर राजेंद्र सिंह स्मृति बास्केटबॉल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन उत्साह और खेल भावना के साथ किया जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2014 में इस प्रतियोगिता का आयोजन हुआ था। लंबे अंतराल के बाद दोबारा शुरू हुई इस प्रतियोगिता ने खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में नया उत्साह भर दिया है।
मेजर राजेंद्र सिंह स्वयं राष्ट्रीय स्तर के पदक विजेता खिलाड़ी रहे हैं। उनके सम्मान में आयोजित यह प्रतियोगिता अलवर की खेल संस्कृति में विशेष महत्व रखती है। अलवर की बास्केटबॉल प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। यहां से कई खिलाड़ी देश और विदेश में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं।
प्रतियोगिता के दौरान वर्तमान में अलवर की बास्केटबॉल से जुड़े करीब सात अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी, 35 से 40 इंडिया मेडलिस्ट तथा सैकड़ों राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी और खिलाड़ीाएं मौजूद रहकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के संयोजक गोपाल शर्मा ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग की छह और महिला वर्ग की तीन टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में करीब 100 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मुकाबलों के संचालन के लिए 10 रेफरी निर्णायक मंडल में शामिल किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का आयोजन दूधिया रोशनी में किया जा रहा है, जिससे रात के मुकाबले खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रोमांचक मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों का शानदार तालमेल, तेज रफ्तार खेल और शानदार शॉट दर्शकों को रोमांचित कर रहे हैं।
खेल प्रेमियों का कहना है कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के साथ-साथ अलवर की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिल रहा है, जिससे भविष्य में वे राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकेंगे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


