शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में फॉलोअप सेवा शिविरों के जरिए समस्याओं का होगा समाधान, आमजन को मिलेगा योजनाओं का लाभ
अलवर। राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी और फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले में 31 अगस्त तक फॉलोअप सेवा शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में 6 अगस्त को जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाए जाएंगे।
जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में अलवर नगर निगम के वार्ड संख्या 25 और 26 के अलावा नगर पालिका बड़ौदामेव, खेड़ली, बहादुरपुर, रामगढ़, नौगांवां, कठूमर, थानागाजी, मालाखेड़ा, गोविंदगढ़, लक्ष्मणगढ़ और राजगढ़ के विभिन्न वार्डों में फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि संबंधित नगरीय निकायों के कार्यालय परिसरों में शिविर लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त नगर विकास न्यास अलवर के नीलामी हॉल में भी समस्त निकाय क्षेत्रों के लिए विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी विभिन्न ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे। इनमें अलवर तहसील की माचड़ी और चांदौली ग्राम पंचायत, कठूमर तहसील की सौंखरी और कुट्टीन साहबदास ग्राम पंचायत, लक्ष्मणगढ़ तहसील की ईटेड़ा और मौलिया ग्राम पंचायत, मालाखेड़ा तहसील की पाला ग्राम पंचायत, नौगांवां क्षेत्र की खोहड़ा करमाली ग्राम पंचायत, रामगढ़ तहसील की ढाढ़ोली ग्राम पंचायत, प्रतापगढ़ क्षेत्र की कालेड़ ग्राम पंचायत, टहला तहसील की मल्लाणा ग्राम पंचायत तथा रैणी तहसील की गढ़ी सवाईराम ग्राम पंचायत शामिल हैं।
इन शिविरों में आमजन की शिकायतों का निस्तारण करने के साथ-साथ राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को शिविरों की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


