बाला किला मार्ग क्षतिग्रस्त होने से दादा भगवान आश्रम में हुआ आयोजन, 1500 किलो सब्जी सहित विशाल मात्रा में तैयार किया गया अन्नकूट का प्रसाद
बेहतर स्वास्थ्य और विश्वसनीय इलाज... सानिया हॉस्पिटल की बेहतरीन सुविधाओं की झलक
अलवर। श्री चक्रधारी हनुमानजी महाराज का बहुप्रतीक्षित अन्नकूट महोत्सव मंगलवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। बाला किला जाने वाला मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण इस बार आयोजन स्थल में बदलाव करते हुए दादा भगवान आश्रम, प्रताप बंद स्थित श्री रामायण हनुमानजी मंदिर के पास महोत्सव आयोजित किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर अन्नकूट का महाप्रसाद ग्रहण किया। सुबह 9 बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। पूरे परिसर में दिनभर भक्ति, सेवा और उत्साह का माहौल बना रहा।
कार्यक्रम संयोजक हरीश सुखवानी ने बताया कि महोत्सव के तहत सुबह 8 बजे बाला किला स्थित श्री चक्रधारी हनुमानजी महाराज को राम नाम का चोला चढ़ाया गया और विधि-विधान से भोग अर्पित किया गया। इसके बाद दादा भगवान आश्रम में श्रद्धालुओं को पंगत में बैठाकर अन्नकूट का महाप्रसाद वितरित किया गया।
1500 किलो सब्जी से तैयार हुआ महाप्रसाद
अन्नकूट महोत्सव के लिए विशाल स्तर पर महाप्रसाद तैयार किया गया। इसमें 200 किलो बाजरा, 200 किलो मूंग, 150 किलो चावल, 130 किलो आटे के मालपुए, 100 किलो दाल की चंदिया, 400 किलो दूध की खीर और 200 किलो चीनी का उपयोग किया गया। इसके अलावा 15 किलो गुड़, 30 किलो देसी घी, सरसों एवं मूंगफली के तेल के 20 पीपे, 1500 किलो सब्जी, 65 किलो बेसन, 125 किलो दही और 125 किलो छाछ से विभिन्न पकवान तैयार किए गए। महाप्रसाद का भोग हनुमानजी महाराज को अर्पित करने के बाद श्रद्धालुओं में वितरण किया गया।
पंगत में बैठकर किया प्रसाद ग्रहण
महोत्सव में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने अनुशासन के साथ पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया और श्री चक्रधारी हनुमानजी महाराज के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। आयोजन में श्रद्धा, सेवा और सामूहिक सहभागिता का विशेष उत्साह देखने को मिला।

