More
    Homeराजस्थानजयपुररामनिवास बाग में बनेगी फूड चौपाटी, प्ले जोन से ओपन एयर थिएटर...

    रामनिवास बाग में बनेगी फूड चौपाटी, प्ले जोन से ओपन एयर थिएटर तक होंगे कई इंतजाम

    जयपुर। शहर के ऐतिहासिक रामनिवास बाग में जल्द ही खानपान, मनोरंजन और हरियाली का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) की ओर से यहां करीब 6.30 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक फूड चौपाटी विकसित करने की योजना तैयार की गई है।

    इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का उद्देश्य शहरवासियों और पर्यटकों को एक ही परिसर में बेहतरीन फूड और रिलैक्सेशन की सुविधा उपलब्ध कराना है।

    राजस्थानी संस्कृति की झलक और लजीज पकवान

    चौपाटी के फूड ट्रकों को विशेष रूप से राजस्थानी थीम पर डिजाइन किया जाएगा। इन ट्रकों और कियोस्क में पारंपरिक जालीदार नक्काशी, मेहराब और किले जैसी आकृतियों की झलक देखने को मिलेगी। आगंतुक यहां पारंपरिक राजस्थानी थाली, मशहूर चाट, कचौरी के साथ-साथ विभिन्न फ्यूजन फूड और रिफ्रेशिंग पेय पदार्थों का लुत्फ उठा सकेंगे।

    सुविधाओं का ब्योरा और क्षेत्रिय विभाजन

    लगभग 5,920 वर्गमीटर के विशाल क्षेत्र में बनने वाली इस चौपाटी को विभिन्न जोन में विभाजित किया गया है:

    • फूड व कियोस्क एरिया: करीब 140 वर्गमीटर

    • सिटिंग एरिया: लगभग 662 वर्गमीटर में आरामदायक बैठने की व्यवस्था

    • बच्चों का प्ले जोन: बच्चों के मनोरंजन के लिए करीब 600 वर्गमीटर का विशेष क्षेत्र

    • ओपन एयर थिएटर: लगभग 200 वर्गमीटर में सांस्कृतिक और कलात्मक गतिविधियों के लिए

    • अन्य सुविधाएं: इसके अलावा हरा-भरा गार्डन, पैदल पाथवे, टॉयलेट, पेयजल और सुव्यवस्थित पार्किंग स्पेस विकसित किए जाएंगे।

    रोशनी और हरियाली से सजेगा परिसर

    परिसर की सुंदरता बढ़ाने के लिए लाइटिंग और हरियाली पर विशेष फोकस किया गया है। शाम और रात के वक्त पूरे परिसर को जगमग करने के लिए स्ट्रिंग लाइट्स, आकर्षक लैम्प पोस्ट और पाथवे लाइटिंग लगाई जाएगी। इसके अलावा फसाड इल्यूमिनेशन के लिए 75 लाख रुपये का विशेष प्रावधान रखा गया है। पर्यावरण संतुलन के लिए इनर और आउटर ग्रीन बेल्ट के साथ-साथ स्पोर्ट्स कोर्ट और सड़क के पास हरित क्षेत्र भी विकसित किया जाएगा।

    आगामी समय में रामनिवास बाग की यह नई फूड चौपाटी जयपुर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने जा रही है, जहां लोग परिवार के साथ सुकून के पल बिता सकेंगे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here