More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशसीएम फेलोज, विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन और प्रभावी...

    सीएम फेलोज, विकास गतिविधियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का बेहतर क्रियान्वयन और प्रभावी मूल्यांकन सुनिश्चित करेंगे : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

    भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन और नवाचारी कार्यों से आज संपूर्ण विश्व प्रभावित है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और देश का युवा वर्ग दुनिया को नेतृत्व प्रदान करने में पूरी तरह सक्षम है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश विकास और जनकल्याण की दिशा में निरंतर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में 'मुख्यमंत्री यंग प्रोफेशनल्स फॉर डेवलपमेंट प्रोग्राम' के अंतर्गत चयनित सी.एम. फेलोज के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री की उपस्थिति में संस्थान और ग्लोबल विलेज फाउंडेशन के मध्य एक एमओयू पर हस्ताक्षर भी किए गए।

    2027 को युवा वर्ष के रूप में मनाएगी सरकार

    मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने राज्य सरकार की प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार ने प्रत्येक वर्ष के लिए विशेष लक्ष्य तय किए हैं। वर्ष 2025 को 'रोजगार और निवेश' तथा वर्ष 2026 को 'किसान कल्याण' के रूप में संचालित करने के बाद अब राज्य सरकार वर्ष 2027 को 'युवा वर्ष' के रूप में मनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष युवाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रहेगी और सालभर युवाओं के हित में विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने युवाओं से अपने दायित्व को केवल एक नौकरी न मानकर प्रदेश की बेहतरी और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने के माध्यम के रूप में लेने का आह्वान किया।

    जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी मूल्यांकन करेंगे सी.एम. फेलोज

    प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि प्रदेश के पचपन जिलों से चयनित युवा 'यंग प्रोफेशनल्स' केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर पर प्रभावी मूल्यांकन करेंगे। इससे क्रियान्वयन की कमियों को पहचानकर उनमें आवश्यक सुधार करने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने युवाओं को सलाह दी कि वे जिला प्रशासन, ग्राम पंचायतों और स्थानीय निकायों के साथ मिलकर काम करें और जनभागीदारी की भूमिका का बारीकी से अवलोकन करते हुए प्रशासन के लिए एक उपयोगी धरोहर बनें। संवाद सत्र के दौरान उन्होंने युवाओं को समय प्रबंधन, विनम्र स्वभाव, बेहतर संवाद शैली और तनावमुक्त रहकर कार्य करने की सीख दी।

    डेटा विश्लेषण और प्रशासनिक कार्यप्रणाली का दिया जा रहा प्रशिक्षण

    संस्थान के उपाध्यक्ष प्रो. राजीव दीक्षित ने बताया कि पांच दिवसीय प्रशिक्षण सत्र के दौरान सी.एम. फेलोज को डेटा विश्लेषण, जिला स्तरीय प्रशासनिक संरचना और कार्यप्रणाली का गहन प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसमें जनजातीय कल्याण, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, राजस्व, कृषि और पंचायत एवं ग्रामीण विकास जैसे विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य राज्यों के विशेषज्ञ युवाओं को जमीनी बारीकियां सिखा रहे हैं। कार्यक्रम में लोकसेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here