More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशसतना में ट्रेन के भीतर गूंजी नवजात की किलकारी, महिला ने बच्ची...

    सतना में ट्रेन के भीतर गूंजी नवजात की किलकारी, महिला ने बच्ची को दिया जन्म

    सतना। दुर्ग से गोरखपुर की ओर जा रही नौतनवा एक्सप्रेस में शुक्रवार की सुबह एक गर्भवती महिला को अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। चलती ट्रेन में महिला की तबीयत बिगड़ती देख परिजनों और साथी यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    ट्रेन के सतना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर पहले से मुस्तैद स्वास्थ्य विभाग और रेल प्रशासन की टीम ने बिना कोई समय गंवाए महिला को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल के लिए रवाना किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही महिला ने एंबुलेंस के भीतर ही एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दे दिया।

    पति ने दिखाई तत्परता, अलर्ट मोड पर आया रेल प्रशासन

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के खजुरिया गांव निवासी 22 वर्षीय संगीता चौधरी अपने पति दिनेश चौधरी के साथ ट्रेन के थर्ड एसी कोच में यात्रा कर रही थीं। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे जब ट्रेन सतना रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची, तभी संगीता को असहनीय प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उनके पति ने तुरंत ट्रेन स्टाफ को इसकी सूचना दी। अलर्ट जारी होते ही स्टेशन मास्टर और रेलवे डॉक्टर पूरी मेडिकल टीम व एंबुलेंस के साथ प्लेटफॉर्म पर तैयार हो गए।

    एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, मां और नवजात दोनों सुरक्षित

    रेलवे और स्वास्थ्य टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को सुरक्षित प्लेटफॉर्म से एंबुलेंस में शिफ्ट किया। जिला अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में ही एंबुलेंस के भीतर डिलीवरी हुई और महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद एंबुलेंस स्टाफ की मदद से जच्चा-बच्चा को तत्काल जिला अस्पताल के प्रसूति वार्ड में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, वर्तमान में मां और नवजात बच्ची दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। समय पर मिले इलाज और मदद के लिए परिजनों ने रेलवे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग का आभार व्यक्त किया है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here