More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशपहले परिवार के चार लोगों का कत्ल, फिर ट्रेन से कटकर मौत,...

    पहले परिवार के चार लोगों का कत्ल, फिर ट्रेन से कटकर मौत, भोपाल में सनसनी

    भोपाल। राजधानी के छोला थाना क्षेत्र स्थित मालीखेड़ी इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की धारदार हथियार से गला रेतकर नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। वारदात के बाद परिवार के मुखिया का शव सूखी सेवनिया क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। शुरुआती जाँच के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र साहू नाम के शख्स ने पहले अपनी मां, पत्नी और दो मासूम बच्चों की निर्मम हत्या की और फिर ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। एक ही परिवार के पाँच लोगों की मौत की इस दर्दनाक खबर से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

    घर के भीतर मिले चार सदस्यों के शव

    पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान नरेंद्र साहू (35), उनकी मां सरस्वती साहू (50), पत्नी सोमलता साहू (29), बेटी कृति साहू (10) और बेटे खुश साहू (6) के रूप में हुई है। नरेंद्र की मां, पत्नी और दोनों बच्चों के शव मालीखेड़ी स्थित उनके मकान के भीतर खून से लथपथ हालत में मिले। चारों के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान पाए गए हैं।

    रेलवे ट्रैक पर मिला परिवार के मुखिया का शव

    वारदात के कुछ ही देर बाद सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के चोपड़ा कलां में रेलवे ट्रैक पर परिवार के मुखिया नरेंद्र साहू का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने दोनों घटनास्थलों पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। प्राथमिक पड़ताल के आधार पर पुलिस इसे सामूहिक हत्याकांड के बाद खुदकुशी का मामला मानकर जाँच आगे बढ़ा रही है।

    हत्या और आत्महत्या के कारणों की पड़ताल जारी

    फिलहाल इस खौफनाक कदम के पीछे के असल कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस पारिवारिक स्थिति, आर्थिक तंगी, आपसी कलह और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर हर कोण से छानबीन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति साफ हो सकेगी।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here