बीजिंग् । चीन के झांगे डेनशिया नेशनल जियोलॉजिकल पार्क में मौजूद इंद्रधनुषी पहाड़ अपनी अनोखी बनावट के कारण खास पहचान रखते हैं। इनकी रंगीन परतें दूर से किसी विशाल कालीन जैसी दिखाई देती हैं। इन पहाड़ों को देखकर ऐसा लगता है, जैसे किसी कलाकार ने विशाल कैनवास पर लाल, पीले, नारंगी, हरे और बैंगनी रंगों से खूबसूरत चित्र बना दिया हो। यही वजह है कि इन्हें दुनिया के रेनबो माउंटेन के नाम से जाना जाता है। ये अनोखे पहाड़ चीन के गांसू प्रांत में स्थित हैं। यहां की चट्टानों पर अलग-अलग रंगों की लंबी धारियां दिखाई देती हैं। कहीं लाल रंग की परतें नजर आती हैं, तो कहीं पीले, नारंगी और हरे रंग की लकीरें पहाड़ियों को अनूठा रूप देती हैं। पहाड़ों की यह खूबसूरती सुबह और शाम के समय और भी आकर्षक हो जाती है।
सूर्योदय और सूर्यास्त के दौरान जब सूर्य की सुनहरी किरणें इन रंगीन चट्टानों पर पड़ती हैं, तो इनके रंग अधिक चमकदार दिखाई देने लगते हैं। इस समय यहां का नजारा किसी काल्पनिक दुनिया जैसा लगता है। इन पहाड़ों के रंगों के पीछे कोई जादू या कृत्रिम रंग नहीं, बल्कि करोड़ों साल पुरानी भूगर्भीय प्रक्रिया है। लंबे समय तक रेत के पत्थरों और अलग-अलग खनिजों की परतें एक-दूसरे के ऊपर जमा होती रहीं। इन चट्टानों में मौजूद आयरन ऑक्साइड सहित विभिन्न खनिजों ने इन्हें लाल, पीला और दूसरे रंग प्रदान किए। समय के साथ टेक्टोनिक प्लेटों की हलचल से जमीन की परतों में बदलाव आया और चट्टानों की रंगीन परतें सतह पर दिखाई देने लगीं।
इसके बाद हवा और बारिश ने लाखों वर्षों तक इन पहाड़ों को प्राकृतिक रूप से तराशा। इसी प्रक्रिया ने इन्हें आज का अनोखा आकार और रंगीन स्वरूप दिया है। झांगे डेनशिया नेशनल जियोलॉजिकल पार्क को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। यहां बनाए गए व्यूइंग प्लेटफॉर्म से लोग इन पहाड़ों की खूबसूरती को अलग-अलग कोणों से देख सकते हैं। वर्ष 2010 में इस प्राकृतिक क्षेत्र को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया था। दुनिया में चीन के अलावा पेरू का विनिकुंका पर्वत भी अपनी रंगीन पहाड़ियों के लिए प्रसिद्ध है।
चीन के इंद्रधनुषी पहाड़ अनोखी बनावट के कारण है मशहूर


