रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुनील तटकरे के प्रभाव वाले क्षेत्रों में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है। माणगांव और श्रीवर्धन में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के कई प्रमुख पदाधिकारियों, पूर्व नगरसेवकों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी से नाता तोड़कर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना की सदस्यता ग्रहण कर ली है। तटकरे के बेहद करीबी माने जाने वाले नेताओं के इस कदम से स्थानीय सियासत में हलचल तेज हो गई है।
तटकरे के करीबी नेताओं ने थामा शिवसेना का दामन
राज्य के मंत्री एवं रायगढ़ के प्रभारी मंत्री भरत गोगावले और शिवसेना विधायक महेंद्र दलवी की उपस्थिति में एक भव्य पार्टी प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान माणगांव नगर पंचायत के कई पूर्व नगरसेवकों और नाराज एनसीपी पदाधिकारियों ने आधिकारिक रूप से शिंदे गुट की शिवसेना में प्रवेश किया। पाला बदलने वाले प्रमुख नेताओं में पूर्व उपनगराध्यक्ष नीलिमा मेहता, पूर्व नगरसेवक संदीप खरगटे, दिलीप जाधव, जयंत बोरडे, रत्नाकर उभारे और भाग्यश्री यादव शामिल हैं। इन सभी नेताओं की गिनती अब तक सुनील तटकरे के कट्टर समर्थकों में होती थी।
श्रीवर्धन विधानसभा क्षेत्र में भी एनसीपी को बड़ा नुकसान
सुनील तटकरे के गढ़ माने जाने वाले श्रीवर्धन विधानसभा क्षेत्र में भी एनसीपी को करारा झटका लगा है। यहां के पूर्व एनसीपी तालुकाध्यक्ष दर्शन विचारे ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है। उनके शिवसेना में शामिल होने के साथ ही स्थानीय स्तर के सैकड़ों पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी एनसीपी का साथ छोड़ दिया है। श्रीवर्धन में भी भरत गोगावले और महेंद्र दलवी की मौजूदगी में इन नेताओं का शिवसेना में स्वागत किया गया।
महेंद्र दलवी का तटकरे पर तीखा हमला और बड़े फैसले का दावा
माणगांव के कार्यक्रम में बोलते हुए शिवसेना विधायक महेंद्र दलवी ने सुनील तटकरे की कार्यशैली पर जमकर निशाना साधा। दलवी ने दावा किया कि तटकरे अगले दो से चार दिनों के भीतर कोई बड़ा राजनीतिक कदम उठा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनसीपी के भीतर अब तटकरे का पहले जैसा कद और महत्व नहीं रह गया है। दलवी के अनुसार, तटकरे ने अपने राजनीतिक करियर में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाने के बजाय उन्हें पार्टी से बाहर निकालने का काम किया है। अजित पवार के निधन के नौ महीने बीत जाने का जिक्र करते हुए दलवी ने कहा कि तटकरे के हालिया बयान उचित नहीं हैं और जनता आगामी समय में इसका जवाब देगी।
महायुति के भीतर स्थानीय वर्चस्व की जंग
शिवसेना विधायक महेंद्र दलवी ने आने वाले चुनावों में सुनील तटकरे के विरुद्ध मैदान में उतरने की खुली चुनौती देते हुए श्रीवर्धन को पुनः शिवसेना का अभेद्य गढ़ बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि श्रीवर्धन पारंपरिक रूप से शिवसेना का मजबूत क्षेत्र रहा है, जहां बाद में तटकरे ने अपना वर्चस्व कायम किया, लेकिन अब शिवसेना अपनी खोई जमीन वापस पाने के लिए पूरी ताकत झोंक देगी। उल्लेखनीय है कि राज्य की महायुति सरकार में शिवसेना और एनसीपी भले ही सत्ता के साझेदार हैं, लेकिन रायगढ़ जिले में दोनों दलों के बीच वर्चस्व की लड़ाई पुरानी है। यह ताजा दलबदल ऐसे समय में हुआ है जब एनसीपी के दोनों गुटों के संभावित विलय की चर्चाओं पर विराम लग गया है।


