More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया कर्जदार, 10 लाख चुकाने के लिए...

    ऑनलाइन गेमिंग की लत ने बनाया कर्जदार, 10 लाख चुकाने के लिए की 8.50 लाख की चोरी

    डोंगरगढ़। ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक युवक को इस कदर कर्ज में डूबा दिया कि करीब दस लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की साजिश रच डाली। दोनों ने लगभग तीन महीने तक रेकी करने के बाद ठाकुरटोला निवासी एक किसान के सूने घर को निशाना बनाया और करीब 8.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। घटना के बाद दोनों आरोपी चोरी के जेवर लेकर रायपुर चले गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये का मकान लेकर रहने लगे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी के आभूषण, घटना में इस्तेमाल कार और रायपुर के एक अन्य मकान से चुराए गए जेवरात सहित कुल 15.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की है।

    ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज ने बनाया चोर, मोहारा पुलिस ने दर्ज किया था मामला

    पुलिस के मुताबिक, ग्राम ठाकुरटोला निवासी दीपक वर्मा ने पुलिस चौकी मोहारा में शिकायत दर्ज कराई थी कि पच्चीस अगस्त 2026 को सुबह करीब नौ बजे वे परिवार के साथ खेती के काम से खेत गए थे। दोपहर करीब एक बजे घर वापस लौटने पर मुख्य द्वार का ताला टूटा पाया गया और भीतर जाकर देखने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात नदारद थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 483/2026 के तहत धारा 331 और 305 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ की। जांच के दौरान पुलिस को गांव के ही सुरेन्द्र साहू और गणेश्वर नेताम के विषय में अहम सुराग मिले। पूछताछ में पता चला कि सुरेन्द्र साहू को ऑनलाइन गेमिंग की लत के कारण करीब दस लाख रुपये का कर्ज चढ़ गया था और इसी कर्ज की अदायगी के लिए उसने अपने साथी गणेश्वर नेताम के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी।

    छत पर छिपकर दिया वारदात को अंजाम, कार से पहुंचे रायपुर

    योजना के अनुसार घटना वाले दिन दोनों तड़के करीब चार बजे दीपक वर्मा के मकान पर पहुंचे। गणेश्वर नेताम घर के पास खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली के सहारे छत पर चढ़कर छिप गया, जबकि सुरेन्द्र साहू आसपास निगरानी करता रहा। सुबह करीब नौ बजे परिवार के खेत पर चले जाने के बाद सुरेन्द्र ने मोबाइल फोन के जरिए अपने साथी को खबर दी। इसके बाद गणेश्वर छत से नीचे उतरा और लोहे की रॉड से कमरे का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। उसने गोदरेज आलमारी को भी तोड़कर उसमें रखे सोने का नेकलेस, मंगलसूत्र, अंगूठी, चांदी का करधन और एक जोड़ी पैरपट्टी चुरा ली। वारदात को अंजाम देने के बाद गणेश्वर घर की पिछली बाड़ी से बाहर आया, जहां सुरेन्द्र साहू अपनी कार क्रमांक CG 04 NZ 3480 लेकर पहुंचा था। दोनों चोरी के जेवरात लेकर रायपुर रवाना हो गए और इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में किराये का मकान लेकर साथ रहने लगे। आरोपियों ने आभूषण बेचने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिलने पर कुछ जेवरात किराये के मकान में ही छिपा दिए।

    रायपुर के मकान से भी चुराए थे जेवर, कुल 15.50 लाख की संपत्ति जब्त

    पुलिस पूछताछ के दौरान सुरेन्द्र साहू ने एक अन्य चोरी की घटना का भी खुलासा किया। उसने बताया कि गांव के परिचित हेमंत साहू के रायपुर स्थित अरिहंत नगर के घर में घरेलू कामकाज के दौरान उसने एक जोड़ी सोने के टॉप्स और एक जोड़ी झुमके चुराए थे, जिन्हें उसने मुथूट फाइनेंस डोंगरगढ़ में गिरवी रख दिया था। दोनों आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने ग्राम ठाकुरटोला की चोरी के 8.50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, घटना में प्रयुक्त पांच लाख रुपये मूल्य की कार तथा रायपुर के अरिहंत नगर से चुराए गए दो लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल पंद्रह लाख पचास हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here