More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशप्रकाश पर्व पर भक्ति में डूबा भोपाल, गुरुद्वारों में सजे कीर्तन और...

    प्रकाश पर्व पर भक्ति में डूबा भोपाल, गुरुद्वारों में सजे कीर्तन और दीवान

    भोपाल। सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देवजी का प्रकाश पर्व मंगलवार को राजधानी भोपाल में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। शहर के अरेरा कॉलोनी, हमीदिया रोड और पिपलानी स्थित प्रमुख गुरुद्वारों को रंग-बिरंगी रोशनी तथा फूलों से सजाया गया है, जहां सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। सोमवार देर रात से ही गुरुवाणी और कीर्तन के साथ पर्व की शुरुआत हो गई थी और बुधवार को भी दिनभर धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेकने पहुंच रहे हैं।

    मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का संदेश व उपस्थिति

    मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु नानक देवजी ने मानवता के कल्याण और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि गुरु नानकजी ने संगत-पंगत, सच्चाई से जीवन जीने, किसी का हक नहीं छीनने, ईमानदारी से कमाई करने और जरूरतमंदों के साथ मिल-बांटकर खाने की सीख दी, जो आज भी प्रासंगिक है। मुख्यमंत्री ने लोगों से उनकी शिक्षाओं को आत्मसात कर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे से परिपूर्ण समाज के निर्माण का आह्वान किया। वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने मंगलवार को हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे पहुंचकर गुरु साहिब के चरणों में शीश नवाया, अरदास की और कीर्तन का श्रवण किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं कार्यालय प्रभारी डॉ. निशांत खरे भी उपस्थित रहे।

    हमीदिया रोड गुरुद्वारे में विशाल लंगर का आयोजन

    प्रकाश पर्व के अवसर पर शहर में सबसे बड़े लंगर का आयोजन हमीदिया रोड स्थित गुरुद्वारे में किया जा रहा है, जहां करीब 15 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। लंगर की तैयारी के लिए शहर के अन्य गुरुद्वारों में भी रोटियां तैयार कर यहां पहुंचाई जा रही हैं और इस आयोजन में लगभग 35 से 40 क्विंटल खाद्य सामग्री के उपयोग का अनुमान है। गुरु नानक देवजी द्वारा दिए गए मानवता, समानता, भाईचारे और सेवा के संदेश का प्रतीक यह लंगर परंपरा बिना किसी भेदभाव के सभी को एक साथ बैठकर भोजन करने की प्रेरणा देती है, जिसमें श्रद्धालु बढ़-चढ़कर सेवा दे रहे हैं।

    नानक टेकरी में विद्यार्थियों ने की अरदास

    प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा नानक टेकरी में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें डीपीएस स्कूल, कोलार रोड के करीब 200 विद्यार्थियों ने पहुंचकर गुरु नानक देवजी के समक्ष शीश नवाया और अरदास में भाग लिया। गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी इकबाल सिंह ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सद्बुद्धि की कामना की। इस दौरान जनरल सेक्रेटरी हरविंदर सिंह ने विद्यार्थियों को सिख धर्म के इतिहास तथा गुरु साहिबान की शिक्षाओं से अवगत कराते हुए जात-पात और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here