सियोल। रूस के कई विमानों ने कोरियाई प्रायद्वीप और जापान के बीच स्थित समुद्री क्षेत्र के ऊपर दक्षिण कोरिया के हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में उड़ान भरी, जिसके बाद देश के पूर्वी हिस्से में स्थित एक द्वीप पर अलर्ट जारी किया गया। दक्षिण कोरिया की सेना ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पहले जारी सूचनाओं में कहा गया था कि विमानों ने देश के संप्रभु हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है, लेकिन बाद में सेना ने इसमें संशोधन करते हुए स्पष्ट किया कि विमानों ने केवल हवाई रक्षा पहचान क्षेत्र में प्रवेश किया था। सुरक्षा की दृष्टि से निर्धारित इस क्षेत्र में उड़ान भरने वाले विमानों की पहचान और उनकी गतिविधियों की निगरानी की जाती है, और यह किसी देश के संप्रभु हवाई क्षेत्र से बाहर अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र तक भी फैला हो सकता है।
उल्लुंग द्वीप पर तीन मिनट का अलर्ट
'ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' ने अपने बयान में गृह एवं सुरक्षा मंत्रालय तथा स्थानीय प्रांतीय सरकार की ओर से पहले दी गई उस जानकारी में सुधार किया, जिसमें कहा गया था कि विदेशी विमानों ने दक्षिण कोरिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है और ये विमान संभवतः रूस या उत्तर कोरिया के थे। सुरक्षा मंत्रालय ने सुबह करीब सात बजकर 52 मिनट पर उल्लुंग द्वीप के निवासियों को भूमिगत केंद्रों या इमारतों में शरण लेने का आदेश दिया था, हालांकि तीन मिनट बाद ही यह कहते हुए आदेश वापस ले लिया गया कि विमान खतरे वाले क्षेत्र से बाहर चले गए हैं। सेना के अनुसार, रूसी विमानों के वहां से जाने से पहले किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए दक्षिण कोरिया ने अपने लड़ाकू विमान रवाना किए थे, हालांकि कितने और किस प्रकार के रूसी विमानों का पता चला, इसकी तत्काल जानकारी नहीं दी गई।
पहले भी सामने आ चुकी हैं ऐसी घटनाएं
उल्लुंग द्वीप के निवासियों में वर्ष 2022 में भी उस समय दहशत फैल गई थी, जब दोनों कोरियाई देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच उत्तर कोरिया ने समुद्र में 20 से अधिक मिसाइलें दागी थीं और उनमें से एक मिसाइल द्वीप की ओर बढ़ी थी, जिसके बाद हवाई हमले की चेतावनी वाले सायरन बजाए गए थे। यह ताजा घटना ऐसे समय में हुई है, जब एक सप्ताह पहले ही दक्षिण कोरिया ने अपने हवाई रक्षा क्षेत्र में कुछ समय के लिए प्रवेश करने वाले रूसी सैन्य विमानों को खदेड़ने के लिए लड़ाकू विमान भेजे थे। उसी दिन जापान ने भी अपने दक्षिण-पश्चिमी तट के पास दो संदिग्ध रूसी विमानों के हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने पर रूस के समक्ष विरोध दर्ज कराया था।


