मुंबई। फिल्म जगत में कुछ कलाकार ऐसे भी होते हैं, जिनकी पहचान केवल उनके अभिनय और किरदारों से ही नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व से भी बनती है। धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के ऐसे ही अभिनेताओं में शुमार रहे हैं। बॉलीवुड के 'ही-मैन' कहे जाने वाले धर्मेंद्र ने पर्दे पर हर तरह की भूमिकाएं निभाईं, कभी वे रूमानी नायक के रूप में नायिका के साथ गीत गाते दिखे तो कभी हास्य अभिनय करते नजर आए। कभी नायिका को परेशान करने वाले खलनायकों से भिड़ते दिखे, तो कभी डाकू की भूमिका में दर्शकों को चौंकाया। फिल्मी दुनिया से परे यदि उनके वास्तविक जीवन और स्वभाव की बात करें, तो वे जमीनी हकीकत और अपनी मिट्टी से गहराई से जुड़े व्यक्ति रहे हैं।
तारीफों पर संकोच और अपनी खूबियों में कमियां तलाशने का स्वभाव
हिंदी सिनेमा में एक्शन नायक की चर्चा हो और धर्मेंद्र का नाम न आए, ऐसा कम ही होता है। सुगठित काया, प्रभावशाली संवाद अदायगी और विशिष्ट शैली से करोड़ों दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले धर्मेंद्र को प्रशंसक और फिल्म उद्योग 'ही-मैन', 'गरम-धरम' और 'ग्रीक गॉड' जैसे संबोधनों से पुकारते रहे हैं। हालांकि कम ही लोग जानते हैं कि धर्मेंद्र की जिस रूप-रंग और शख्सियत के लोग कायल थे, उसे लेकर वे स्वयं सहज महसूस नहीं करते थे। उन्होंने वर्ष 2018 में दिए एक साक्षात्कार में यह बात स्वयं साझा की थी। बातचीत के दौरान उन्होंने सरल शब्दों में कहा था कि लोग जितना उन्हें खूबसूरत बताते हैं, उन्हें उतना ही संकोच महसूस होता है और वे सोचते हैं कि आखिर ऐसा क्या है, फिर यह भी विचार आता है कि यदि लोग कह रहे हैं तो शायद कुछ बात होगी। साक्षात्कार में उन्होंने यह भी कहा था कि वे अपनी खूबियों में भी कमियां खोजते रहते हैं, ताकि कहीं वे प्रशंसकों के उस स्नेह और स्थान को न खो दें, जो उन्हें मिला है। उनके अनुसार लोग उन्हें ही-मैन, गरम-धरम या ग्रीक गॉड कहते हैं, लेकिन स्नेह करने वाले लोग प्रेम ही चाहते हैं और उनके लिए प्रशंसकों का प्यार इन सभी उपाधियों से बढ़कर है।
अपनी जड़ों और मिट्टी से गहरा जुड़ाव
धर्मेंद्र ने अपने जीवन के एक महत्वपूर्ण पहलू का जिक्र भी किया, जो उन्हें अन्य कलाकारों से अलग पहचान देता है, और वह है उनकी मिट्टी से आत्मीयता। जमीन से जुड़े होने के विषय पर उन्होंने कहा था कि वे अपनी जड़ों से अलग नहीं हो सकते और अपनी धरती को वे मां के समान मानते हैं, जिससे जुड़े रहना उन्हें अच्छा लगता है। इसी जुड़ाव के चलते वे खेती-किसानी करते रहते हैं तथा गाय-भैंस के साथ बतख और मुर्गियां भी पाले हुए हैं, जिससे वातावरण में एक ताजगी, सुंदरता और बचपन जैसापन बना रहता है।
खेतों और पशु-पक्षियों के बीच सुकून भरी जीवनशैली
एक ओर दुनिया उन्हें बड़े पर्दे का 'ही-मैन' मानती रही, वहीं दूसरी ओर धर्मेंद्र को खेतों में समय बिताने और पशु-पक्षियों के बीच रहने में संतोष मिलता था। उनका मानना था कि इससे अधिक सुंदर जीवन और क्या हो सकता है। फिल्मों में प्रतिष्ठा, धन और लोकप्रियता अर्जित करने के बावजूद उनका मन सदैव अपनी जड़ों से जुड़ा रहा और उन्हें ग्रामीण परिवेश, खेतों की हरियाली तथा पशु-पक्षियों के सानिध्य में रहना भाता था। धर्मेंद्र ऐसे कलाकार रहे जिन्हें अपनी प्रशंसा सुनकर झिझक होती थी, जो अपनी खूबियों में भी कमियां देख लेते थे और शोहरत के शिखर पर पहुंचने के बाद भी अपनी जड़ों व मिट्टी में शांति और सुकून खोजते रहे।


