अजमेर। पुष्कर पशु मेले में सीकर का ऊंट 'बादल' अपने खास श्रृंगार और नृत्य से मेलार्थियों का ध्यान खींच रहा है। उसके शरीर पर राजस्थानी बूटे, पत्तियां, मोर, हंस, पगड़ीधारी पुरुष और मटकी लिए महिला की आकृतियां उकेरी गई हैं। बादल कई वर्षों से नृत्य प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर रहा है। मालिक उसे संतान की तरह पालते हैं और उसकी देखभाल पर हर महीने हजारों रुपये खर्च करते हैं। बादल के श्रृंगार के लिए हरियाणा से विशेष कारीगर बुलाया जाता है। मेले से करीब एक सप्ताह पहले कटिंग और शेविंग शुरू होती है, जिसमें एक बार की उस्ता कलां शेविंग में लगभग 72 घंटे लगते हैं और 20 हजार रुपये खर्च होते हैं। मेले के दौरान भी नियमित टचअप कराया जाता है।
खानपान और विशेष खुराक
ऊंटपालक विकास पचार ने बताया कि बादल को साढ़े आठ हजार रुपये प्रति क्विंटल की ग्वार खिलाई जाती है। इसमें तिल्ली, सरसों का तेल और घी मिलाया जाता है, ताकि उसकी त्वचा और बाल चमकदार बने रहें।
नृत्य मुद्राएं और प्रतियोगिताओं में सफलता
पचार के अनुसार, दो साल की उम्र से ऊंटों को नृत्य की ट्रेनिंग दी जाती है, जो सबसे कठिन दौर होता है क्योंकि इस दौरान ऊंटों के लात मारने और गर्दन से झटका देने से ट्रेनर व ऊंट दोनों को खतरा रहता है। बादल चौटाला, भंगड़ा और तीतरी जैसी मुद्राएं दिखाता है और उसे 'तेजल सुपर डूपर' व 'म्हारो तेजाजी रखवालो' गीत पसंद हैं। जैसलमेर, बीकानेर और नागौर की प्रतियोगिताओं में जीतने के बाद पुष्कर मेले की नृत्य प्रतियोगिता में भी उसका दबदबा कायम है।
आखिरी महास्नान के साथ मेले का समापन
पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को आखिरी पंचतीर्थ महास्नान होगा। ब्रह्म मुहूर्त से ही पुष्कर सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला शुरू हो गया है और अब तक करीब दो लाख श्रद्धालु यहां पहुंच चुके हैं। वाहनों के अलावा बड़ी संख्या में भक्त अजमेर से पुष्कर घाटी मार्ग होते हुए पैदल भी पहुंचे। रास्ते में ग्रामीण महिलाएं पारंपरिक गीत गुनगुनाती नजर आईं, जबकि बाजारों, मंदिरों और मेला मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जिला प्रशासन ने सरोवर के घाटों पर रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। दिनभर चलने वाले महास्नान के साथ धार्मिक पुष्कर मेले का औपचारिक समापन हो जाएगा। मेला क्षेत्र में 2500 पुलिसकर्मी, घाटों पर एनडीआरएफ व एसडीआरएफ के 50 जवान और सिविल डिफेंस के 90 स्वयंसेवक तैनात किए गए हैं। पानी की गहराई दर्शाने के लिए 52 घाटों पर 101 लाल झंडियां लगाई गई हैं और राजस्थान रोडवेज की 100 बसों का संचालन किया जा रहा है।


