भोपाल। मध्यप्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग में 169 पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञों की पदोन्नति रद्द कर दी गई है। विभाग ने 13 अगस्त को जारी पदोन्नति आदेश को 24 नवंबर को वापस ले लिया। इस निर्णय से उन अधिकारियों को झटका लगा है, जिन्हें विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश पर प्रथम श्रेणी के पदों पर पदोन्नत किया गया था। अब इन अधिकारियों को प्रशासनिक आधार पर नए स्थानों पर अस्थायी रूप से पदस्थ किया गया है। दरअसल, पदोन्नति की यह प्रक्रिया आरंभ से ही विवादों के घेरे में रही। विभाग में 186 खाली पदों पर पदोन्नति के लिए 27 जुलाई को विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित की गई थी, जिसके बाद 13 अगस्त को 169 अधिकारियों की पदोन्नति के आदेश जारी किए गए थे। हालांकि आदेश जारी होने के उपरांत पदोन्नति में वरिष्ठता तथा आरक्षण के नियमों के पालन को लेकर प्रश्न उठने लगे।
186 पदों के लिए 543 अधिकारियों पर विचार का आरोप
सामान्य, पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संस्था यानी सपाक्स ने पदोन्नति प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से शिकायत दर्ज कराई थी। संस्था का आरोप था कि 186 पदों के लिए नियमों के अनुसार 376 अधिकारियों को ही विचार क्षेत्र में लिया जाना चाहिए था, लेकिन विभाग ने वरिष्ठता सूची में 543वें क्रम तक के अधिकारियों के नामों पर विचार किया। लगभग 30 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस के आधार पर पदोन्नति प्रक्रिया से बाहर रखने और आरक्षित व अनारक्षित पदों की गणना में अनियमितता के आरोप भी लगाए गए थे। संस्था ने समूची प्रक्रिया का पुनरीक्षण करने की मांग की थी।
पदोन्नति पाने वाले चिकित्सक भी पहुंचे थे हाईकोर्ट
दूसरी ओर, वेटरनरी डॉक्टर्स एसोसिएशन ने पदोन्नति आदेश निरस्त किए जाने की आशंका जताते हुए हाईकोर्ट की शरण ली थी। संगठन की मांग थी कि किसी भी अधिकारी के विरुद्ध कोई कदम उठाने से पहले उसका पक्ष सुना जाए। सितंबर में हाईकोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए कहा था कि उस समय शासन ने पदोन्नति आदेश रद्द करने का कोई फैसला नहीं लिया था और केवल आशंका के आधार पर दखल नहीं दिया जा सकता। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि भविष्य में कोई प्रतिकूल आदेश जारी होने पर प्रभावित अधिकारी उसे चुनौती दे सकते हैं।
अब नए स्थानों पर संभालेंगे कार्यभार
24 नवंबर को विभाग ने पदोन्नति आदेश निरस्त करने के साथ ही अधिकारियों की अस्थायी पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। डॉ. ममता सगर को मंदसौर के गरोठ, डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह पेंड्रो को उमरिया के घुनघुटी, डॉ. जगवीर सिंह कनेश को खरगोन के धरगांव तथा डॉ. लोकेंद्र सिंह चौहान को महेश्वर के चल चिकित्सालय में भेजा गया है। डॉ. नानासिंह अखाड़े को खरगोन के गोगावां, डॉ. कुंवरसिंह भयड़िया को अलीराजपुर के जोबट, डॉ. कन्हैयालाल डामोर को झाबुआ की मोबाइल यूनिट और डॉ. ज्योति मार्को व डॉ. कृति धुर्वे को मंडला के कुक्कुट गर्भाधान प्रशिक्षण संस्थान में पदस्थ किया गया है। इसी प्रकार डॉ. मानसिंह बामनिया को खरगोन के रोडिया स्थित पशु प्रजनन प्रक्षेत्र, डॉ. सुषमा शेलू को खंडवा के मूंदी, डॉ. कड़वा चौहान को खंडवा के रोग अनुसंधान केंद्र और डॉ. रमेश भूरिया को झाबुआ पशु चिकित्सालय भेजा गया है। डॉ. लीलाराम सिसोदिया को धार के धरमपुरी, डॉ. नितिन कुमार सीजर को नर्मदापुरम के केसला, डॉ. सुभाष चन्द्र खलना को खरगोन की डीआई लैब, डॉ. रविन्द्र नरें को सिवनी के धनौरा और डॉ. दीपलता माजी को राजगढ़ के मलावर में पदस्थ किया गया है। इसके अतिरिक्त डॉ. अमर ज्योति टोप्पो को रायसेन पशु चिकित्सालय, डॉ. प्रतीक्षा को नरसिंहपुर स्थित उपसंचालक कार्यालय और डॉ. कीर्ति को बैतूल के पाढर में जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी अधिकारी आगामी आदेश तक नई पदस्थापना पर कार्य करेंगे।


